कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को मंगलवार देर शाम दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
अस्पताल के चेयरमैन डॉ अजय स्वरूप ने बताया कि सोनिया गांधी को पेट और यूरिन से संबंधित संक्रमण की शिकायत है, जिसकी जांच की जा रही है। उपचार के तहत उन्हें एंटीबायोटिक दवाएं दी जा रही हैं और चिकित्सकीय देखरेख जारी है।
जानकारी के अनुसार, सोनिया गांधी पहले से ही अस्थमा की मरीज हैं और नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए इसी अस्पताल पर भरोसा करती रही हैं। गांधी परिवार का इस अस्पताल से पुराना संबंध रहा है।
राहुल गांधी ने दौरा रद्द किया
सोनिया गांधी की तबीयत खराब होने के चलते राहुल गांधी ने अपना केरल दौरा रद्द कर दिया है। उनकी जगह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे राज्य के दौरे पर गए हैं।
संसद की बैठक में कांग्रेस की बदली रणनीति
बुधवार को संसद में अंतरराष्ट्रीय मुद्दों, खासकर ईरान-अमेरिका तनाव पर चर्चा के लिए बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में भी कांग्रेस के शीर्ष नेता शामिल नहीं हो पाएंगे। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे की अनुपस्थिति में पार्टी की ओर से लोकसभा सांसद तारिक अनवर और राज्यसभा सांसद मुकुल वासनिक बैठक में हिस्सा लेंगे।
यह भी पढ़ें: क्या अब LPG सिलेंडर 35 दिन में होगा बुक? सरकार ने बताया असली नियम
इस बीच, संसद परिसर में भी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की गैरमौजूदगी देखने को मिली, जिससे यह साफ है कि पार्टी नेतृत्व इस समय सोनिया गांधी के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दे रहा है।









