देश के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में मौसम अचानक करवट ले सकता है। आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई गई है। हालांकि इसका असर हर जगह एक जैसा नहीं रहेगा—कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश और तूफान देखने को मिल सकते हैं, जबकि आसपास के इलाकों में मौसम सामान्य रह सकता है।
India Meteorological Department (IMD) के अनुसार, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है। यह मौसम प्रणाली भूमध्यसागर क्षेत्र से नमी लेकर आती है, जिसके कारण उत्तर भारत में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की स्थिति बनती है।
NCR में आज रात असर की संभावना
दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों जैसे गुरुग्राम, दक्षिण दिल्ली, फरीदाबाद और नोएडा में सोमवार रात आंधी-तूफान और बारिश की प्रबल संभावना है। इससे पहले भी हाल के दिनों में अचानक मौसम बदलने से तेज बारिश और ओले गिर चुके हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ था।
7 से 9 अप्रैल के बीच बढ़ेगा असर
मौसम विभाग का अनुमान है कि 7 से 9 अप्रैल के बीच यह पश्चिमी विक्षोभ और अधिक प्रभावी हो सकता है। इस दौरान देश के बड़े हिस्से में तेज आंधी, भारी बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिल सकती है।
किन राज्यों पर ज्यादा असर
इस मौसम प्रणाली का प्रभाव राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तरी मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों में देखा जा सकता है। कुल मिलाकर देश के करीब 30-40 प्रतिशत हिस्से में मौसम बिगड़ने की आशंका है।
किसानों के लिए अहम चेतावनी
मौसम के इस बदलाव को देखते हुए किसानों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है। जिन क्षेत्रों में गेहूं की फसल कटाई के लिए तैयार है, वहां किसानों को जल्द से जल्द कटाई पूरी करने को कहा गया है। हाल ही में ओलावृष्टि से कई राज्यों में फसलों को नुकसान हो चुका है, और आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
यह भी पढ़ें: सोना-चांदी के दाम में उतार-चढ़ाव जारी, जानें आज का भाव
सावधानी जरूरी
विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मौसम में लोगों को सतर्क रहना चाहिए, खासकर खुले स्थानों से दूर रहना और मौसम से जुड़ी अपडेट पर नजर बनाए रखना जरूरी है।









