दिल्ली विधानसभा परिसर में सोमवार, 6 अप्रैल को सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई। गेट नंबर 2 से जबरन अंदर घुसी एक कार सवार ने विधानसभा अध्यक्ष की गाड़ी को निशाना बनाते हुए उस पर स्याही फेंक दी और फिर मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संदिग्ध वाहन कुछ देर तक विधानसभा परिसर के अंदर मौजूद रहा और फिर तेजी से बाहर निकलकर भाग गया। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि यह कार उत्तर प्रदेश के रजिस्ट्रेशन नंबर की थी, जिसने जबरन गेट नंबर 2 से प्रवेश किया। इस दौरान सुरक्षा गेट को भी नुकसान पहुंचा। बताया जा रहा है कि चालक विधानसभा अध्यक्ष विजेंदर गुप्ता के कार्यालय की ओर बढ़ा और बरामदे के पास एक फूलों का गुलदस्ता रखकर वहां से निकल गया।
यह भी पढ़ें: आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट: कई राज्यों में बिगड़ सकता है मौसम, किसानों को चेतावनी
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी और वाहन की पहचान करने में जुटी हुई है। घटना ने विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, और मामले की जांच तेज कर दी गई है।









