एक ओर जहां IPL 2026 का रोमांच देशभर में छाया हुआ है और RCB व पंजाब किंग्स जैसी टीमें शानदार प्रदर्शन कर रही हैं, वहीं दूसरी तरफ आंध्र प्रदेश से क्रिकेट से जुड़ी एक बेहद दुखद घटना सामने आई है।
विशाखापट्टनम में एक स्थानीय क्रिकेट मैच के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 21 वर्षीय अंपायर डोला अजीत बाबू की जान चली गई। बताया जा रहा है कि मैच के दौरान रन आउट के फैसले को लेकर खिलाड़ियों के बीच बहस शुरू हो गई थी।
मौके पर मौजूद अंपायर अजीत बाबू और उनके साथी बुडूमुरी चिरंजीवी ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत करा दिया था, लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। एक दर्शक, जिसकी पहचान कांता किशोर के रूप में हुई है, इस दौरान गुस्से में आ गया और कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगा।
पुलिस के अनुसार, मैच समाप्त होने के बाद आरोपी ने अंपायरों को बातचीत के लिए एक अलग स्थान पर बुलाया। जब अजीत बाबू और चिरंजीवी अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचे, तो विवाद फिर से भड़क उठा। इसी दौरान आरोपी ने चाकू निकालकर दोनों पर हमला कर दिया।
हमले में अजीत बाबू को गंभीर चोट लगी, खासकर छाती पर वार होने से वे मौके पर ही गिर पड़े। वहीं चिरंजीवी भी घायल हो गए। बीच-बचाव करने आए एक अन्य व्यक्ति को भी चोटें आई हैं।
घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां अजीत बाबू को बाद में मृत घोषित कर दिया गया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली विधानसभा: सुरक्षा में बड़ी चूक, जबरन अंदर घुसी कार
यह घटना खेल भावना और सामाजिक सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है, खासकर स्थानीय स्तर पर आयोजित मैचों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर।









