अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तीन दिवसीय चीन यात्रा खत्म हो गई है। बीजिंग दौरे के बाद ट्रंप एयरफोर्स वन से अमेरिका लौट गए, लेकिन रवाना होने से पहले एयरपोर्ट पर हुई एक घटना ने सबका ध्यान खींच लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, व्हाइट हाउस स्टाफ ने चीन सरकार की ओर से दिए गए कई सामानों को विमान में चढ़ने से पहले नष्ट कर दिया या फेंक दिया।
एयरफोर्स वन में नहीं ले जाई गईं चीनी वस्तुएं
बताया जा रहा है कि अमेरिकी अधिकारियों ने चीनी प्रशासन द्वारा दिए गए क्रेडेंशियल्स, बर्नर फोन, डेलीगेशन पिन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक या आधिकारिक सामग्री को इकट्ठा कर एयरफोर्स वन में ले जाने से मना कर दिया। इन सामानों को विमान की सीढ़ियों के नीचे रखे डस्टबिन में फेंक दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई को अमेरिका की सख्त सुरक्षा और काउंटर-इंटेलिजेंस नीति का हिस्सा माना जा रहा है।
व्हाइट हाउस रिपोर्टर ने किया खुलासा
न्यूयॉर्क पोस्ट की व्हाइट हाउस संवाददाता एमिली गुडिन, जो ट्रंप के साथ चीन दौरे पर गई थीं, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि अमेरिकी स्टाफ ने चीन से मिले सभी सामानों को एकत्र किया और एयरफोर्स वन में सवार होने से पहले उन्हें फेंक दिया।
एमिली ने यह भी कहा कि अमेरिकी टीम को चीन से जुड़ी कोई भी वस्तु विमान में ले जाने की अनुमति नहीं थी।
सुरक्षा एजेंसियों का एहतियाती कदम
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका ऐसे देशों की यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतता है जिन्हें रणनीतिक प्रतिद्वंद्वी माना जाता है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका रहती है कि इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या अन्य वस्तुओं के जरिए डेटा चोरी या जासूसी की कोशिश हो सकती है।
इसी वजह से कई बार विदेशी दौरों के दौरान इस्तेमाल किए गए फोन, बैज या अन्य सामग्री को यात्रा खत्म होने के बाद नष्ट कर दिया जाता है।
ट्रंप ने यात्रा को बताया सफल
चीन से रवाना होने से पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी यात्रा को “अविश्वसनीय” बताया। उन्होंने कहा कि इस दौरे से सकारात्मक नतीजे निकलने की उम्मीद है और दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत हुई है।
यह भी पढ़ें: भोजशाला: हाई कोर्ट ने परिसर को माना सरस्वती मंदिर, नमाज की अनुमति रद्द
हालांकि, एयरपोर्ट पर हुई इस कार्रवाई ने अमेरिका और चीन के बीच मौजूद रणनीतिक अविश्वास और सुरक्षा चिंताओं को एक बार फिर उजागर कर दिया है।









