UPSC Pratibha Setu: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने उन हजारों प्रतिभाशाली उम्मीदवारों के लिए प्रतिभा सेतु योजना की शुरुआत की है, जो सिविल सेवा सहित अन्य प्रतिष्ठित परीक्षाओं के इंटरव्यू राउंड तक पहुंचने के बावजूद अंतिम चयन सूची में स्थान नहीं बना पाते। यह पहल उन कैंडिडेट्स को अब नौकरी के नए अवसर प्रदान करने का माध्यम बनेगी, जिन्हें पहले केवल परीक्षा में सफलता ना मिलने के कारण पीछे हटना पड़ता था।
क्या है UPSC प्रतिभा सेतु योजना?
प्रतिभा सेतु एक डिजिटल पोर्टल है जिसके जरिए सरकारी, स्वायत्त संस्थान, सार्वजनिक उपक्रम और निजी कंपनियां यूपीएससी द्वारा शॉर्टलिस्ट किए गए कुशल उम्मीदवारों से सीधे संपर्क कर सकती हैं। यह पहल उन उम्मीदवारों के लिए है जो फाइनल इंटरव्यू तक पहुंचे लेकिन चयनित नहीं हो सके।
यह स्कीम पहले ‘पब्लिक डिस्क्लोजर स्कीम’ के नाम से थी, जिसे अब बेहतर रूप और तकनीकी सुविधा के साथ प्रतिभा सेतु के रूप में दोबारा पेश किया गया है।
किन परीक्षाओं के कैंडिडेट्स को मिलेगा लाभ?
इस योजना के अंतर्गत सिविल सेवा परीक्षा, भारतीय वन सेवा, इंजीनियरिंग सेवा, संयुक्त रक्षा सेवा, CAPF, संयुक्त भू-वैज्ञानिक, आईईएस/आईएसएस, और कंबाइंड मेडिकल सर्विसेज जैसी परीक्षाओं के गैर-अनुशंसित उम्मीदवारों का डेटा पोर्टल पर मौजूद रहेगा।
10,000+ से अधिक उम्मीदवारों का डाटा उपलब्ध
UPSC ने बताया कि प्रतिभा सेतु पोर्टल पर अब तक 10,000 से अधिक योग्य लेकिन चयन से वंचित कैंडिडेट्स का बायोडेटा अपलोड किया जा चुका है। इसमें उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता, प्रोफेशनल स्किल्स, और संपर्क जानकारी शामिल है, जिससे कंपनियां सीधे इनसे संवाद स्थापित कर सकती हैं।
कंपनियों को कैसे मिलेगा एक्सेस?
निजी और सरकारी संस्थानों को इस पोर्टल से जुड़ने के लिए पहले रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके लिए उन्हें कॉर्पोरेट आइडेंटिफिकेशन नंबर (CIN) की आवश्यकता होगी, जो MCA पोर्टल के जरिए प्राप्त किया जा सकता है।

रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया:
- Google पर जाएं और सर्च करें:
upsconline.gov.in Pratibha Setu - प्रतिभा सेतु पोर्टल खोलें और लॉग-इन पर क्लिक करें।
- प्राइवेट ऑर्गेनाइजेशन का चयन करें।
- MCA पोर्टल से CIN नंबर जनरेट करें (MCA पर रजिस्ट्रेशन आवश्यक)।
- CIN दर्ज करें, कैप्चा भरें और सबमिट करें।
- पोर्टल पर लॉगिन कर योग्य उम्मीदवारों की डिटेल्स देखें।
योजना का उद्देश्य और महत्व
UPSC प्रतिभा सेतु का उद्देश्य योग्य उम्मीदवारों के टैलेंट को व्यर्थ न जाने देना है। यह उन युवाओं के लिए एक सेकंड करियर चांस बनकर सामने आ रहा है जो अपने प्रयासों से इंटरव्यू राउंड तक पहुंचे लेकिन अंतिम चयन सूची में नहीं आ सके।
इस पहल से न सिर्फ इन युवाओं को नौकरी के बेहतर अवसर मिलेंगे बल्कि देश को प्रशिक्षित और समझदार कार्यबल भी मिलेगा।
यह भी पढ़ें: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025: दिल्ली मेट्रो की विशेष पहल, इतने बजे से चलेंगी
प्रतिभा सेतु योजना UPSC की एक प्रगतिशील सोच का हिस्सा है, जो भारत के टैलेंट पूल को बेहतर दिशा देने में अहम भूमिका निभाएगा। सरकारी और निजी संस्थाएं इस पोर्टल के माध्यम से उन प्रतिभाशाली युवाओं को अपने संगठनों से जोड़ सकती हैं, जो केवल एक अंक या एक रैंक से सरकारी नौकरी पाने से चूक गए।









