1 जनवरी 2026 से, भारत में बेचे जाने वाले सभी नए दोपहिया वाहनों (स्कूटर और मोटरसाइकिल) में एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) लगाना अनिवार्य होगा, चाहे इंजन की क्षमता कुछ भी हो। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने शुक्रवार को यह घोषणा कि है। जो एक व्यापक सड़क सुरक्षा रणनीति के तहत सड़क दुर्घटनाओं और मौतों को कम करने के लिए अनिवार्य है।
क्या है ABS तकनीक?
फिलहाल, 125cc से अधिक इंजन क्षमता वाले दोपहिया वाहनों में ही ABS अनिवार्य है, जिसका मतलब है कि लगभग 40 फीसदी दोपहिया वाहन अभी इस सुरक्षा फीचर से लैस नहीं हैं। ABS तकनीक अचानक या ज़ोर से ब्रेक लगाने पर पहियों को लॉक होने से रोकती है। जिससे चालक को वाहन पर नियंत्रण बनाए रखने में मदद मिलती है और फिसलने या दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका कम हो जाती है। अध्ययनों से पता चला है कि ABS दुर्घटना की संभावना को 35% से 45% तक घटा सकता है।
यह भी पढ़ें- एक झटके में 9 जिंदगियां खत्म, पुरुलिया-जमशेदपुर नेशनल हाईवे 18 पर भीषण सड़क हादसा
इसके अलावा, सरकार ने यह भी फैसला लिया है कि प्रत्येक नए दोपहिया वाहन की खरीद पर दो BIS-सर्टिफाइड हेलमेट देना अनिवार्य होगा। वर्तमान में केवल एक हेलमेट देना ज़रूरी है। यह कदम सवार और पीछे बैठने वाले दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत में सड़क दुर्घटनाओं में मरने वालों में लगभग 44 फीसदी दोपहिया वाहन सवार होते हैं, और इनमें से कई की मौत हेलमेट न पहनने के कारण सिर में गंभीर चोट लगने से होती है।
मंत्रालय जल्द ही इन नियमों से संबंधित आधिकारिक अधिसूचना जारी करेगा। अगर इन्हें लागू किया गया, तो यह बदलाव देशभर में लाखों दोपहिया वाहन चालकों के लिए भारतीय सड़कों को और अधिक सुरक्षित बना सकते हैं।









