Bihar News: बिहार के नालंदा में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब ग्रामीणों ने बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार पर हमला कर दिया। मंत्री श्रवण कुमार मलावन गांव (हिलसा थाना क्षेत्र) में सड़क हादसे में मारे गए 9 लोगों के परिजनों को संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे।
इसी दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मंत्री और स्थानीय विधायक को अपनी जान बचाने के लिए करीब एक किलोमीटर तक भागना पड़ा। ग्रामीणों ने मंत्री और उनके अंगरक्षकों का पीछा किया। इस हमले में मंत्री के बॉडीगार्ड समेत कई लोग घायल हो गए।
गांव में भारी सुरक्षा बल की तैनाती
स्थिति को काबू में करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया, जिसके बाद पूरा इलाका छावनी में बदल गया।
यह भी पढ़ें- माता वैष्णो देवी मार्ग पर भारी लैंडस्लाइड, 33 लोगों की मौत-एक ही परिवार के 5 सदस्य दबे
ग्रामीणों ने क्यों किया हमला?
तीन दिन पहले हुए एक सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई थी। मंत्री और विधायक पीड़ित परिवारों से मिलने गांव पहुंचे थे। सभी परिवारों से मिलने के बाद जब दोनों नेता लौटने लगे, तो ग्रामीणों ने उनसे कुछ और समय तक गांव में रुकने की अपील की। लेकिन मंत्री ने कहा कि वे सभी परिजनों से मिल चुके हैं और उन्हें एक अन्य कार्यक्रम में जाना है। इसके बाद ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर भड़क उठे।
ग्रामीणों का आरोप था कि हादसे के दिन उन्होंने विधायक के आश्वासन पर सड़क जाम खोला था, लेकिन आज तक उन्हें उचित मुआवजा नहीं मिला। इसी गुस्से में ग्रामीण उग्र हो गए और पहले स्थानीय पत्रकार व विधायक को घेरा और फिर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और गुस्साए ग्रामीणों को शांत कराने की कोशिश की जा रही है।









