दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों से पहले बिहारवासियों के लिए खुशखबरी है। भारतीय रेलवे ने राज्य को सात नई ट्रेनों की सौगात दी है, जिनमें तीन आधुनिक ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ ट्रेनें शामिल हैं। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को इन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये ट्रेनें बिहार को राजस्थान, दिल्ली और तेलंगाना जैसे राज्यों से जोड़ेंगी।
रेल मंत्री ने बताया कि अमृत भारत ट्रेनों की शुरुआत का उद्देश्य यात्रियों को सस्ती दरों पर विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इन ट्रेनों में कुल 19 डिब्बे होते हैं, जिनमें 11 सामान्य श्रेणी के और 8 स्लीपर कोच होते हैं। आज से शुरू की गई तीन नई ट्रेनों के साथ अब देशभर में अमृत भारत ट्रेनों की संख्या 15 हो गई है।
कौन-कौन सी ट्रेनें शुरू की गई हैं?
- अजमेर – दरभंगा अमृत भारत ट्रेन
- दिल्ली (आनंद विहार) – छपरा अमृत भारत ट्रेन
- मुजफ्फरपुर – हैदराबाद (चरलापल्ली) अमृत भारत ट्रेन
इन ट्रेनों के अलावा रेलवे ने चार नई पैसेंजर ट्रेनें भी शुरू की हैं, जिससे बिहार के भीतर और आसपास के इलाकों में कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।

त्योहारों के लिए 12,000 स्पेशल ट्रेनें
रेल मंत्री ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए रेलवे 12,000 स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा, ताकि यात्रियों को सफर में किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि रेलवे पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आधुनिकता की ओर तेज़ी से बढ़ रहा है।
बिहार के विकास में रेलवे की अहम भूमिका
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार के सहयोग से बिहार में रेलवे का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में बिहार देश में रेलवे और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करेगा।
बिहार के लोगों के लिए यह पहल न केवल आवागमन को आसान बनाएगी, बल्कि राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति देगी।









