राजधानी दिल्ली के महिपालपुर इलाके में गुरुवार सुबह अचानक हुए जोरदार धमाके की आवाज से लोगों में दहशत फैल गई। यह आवाज रैडिसन होटल के पास सुनी गई, जिसके बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सुबह करीब 9 बजकर 18 मिनट पर फायर डिपार्टमेंट को कॉल प्राप्त हुई और थोड़ी ही देर में तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं।
प्रारंभिक जांच के बाद दिल्ली पुलिस ने बताया कि यह धमाका किसी विस्फोटक पदार्थ के कारण नहीं हुआ था, बल्कि एक DTC बस का टायर फटने से तेज आवाज आई थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र की पूरी तलाशी ली गई और वहां से कोई भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नहीं मिली। फिलहाल इलाके में स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
डीसीपी (दक्षिण-पश्चिम) ने जानकारी दी कि जिस व्यक्ति ने पुलिस को कॉल की, वह गुरुग्राम जा रहा था। रास्ते में अचानक तेज धमाका सुनाई देने पर उसने इसे संभावित विस्फोट समझकर सूचना दी। वहीं, स्थानीय सुरक्षा गार्डों से पूछताछ में पुष्टि हुई कि धौला कुआं की ओर जा रही एक DTC बस का पिछला टायर फटने से यह आवाज आई थी।
गौरतलब है कि 10 नवंबर को लाल किले के पास हुए ब्लास्ट के बाद से दिल्ली में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। उस घटना में 12 लोगों की मौत हुई थी और कई घायल हुए थे। पुलिस ने फरीदाबाद टेरर मॉड्यूल से उस हमले का कनेक्शन उजागर किया था, जिसमें बड़ी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद किए गए थे।
ऐसे में राजधानी में हर आवाज या संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। महिपालपुर की इस घटना के बाद भी पुलिस और जांच एजेंसियां मौके पर सतर्कता से पहुंचीं, हालांकि राहत की बात यह रही कि मामला सिर्फ टायर फटने का निकला और किसी तरह की सुरक्षा खतरे की पुष्टि नहीं हुई।
यह भी पढ़ें: मुंबई से वाराणसी जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट को बम की धमकी
फिलहाल, दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।









