सुप्रिया सुले की गैरमौजूदगी ऐसे समय में सामने आई है, जब परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज है। संसद के विशेष सत्र से पहले विपक्षी दल इस मुद्दे पर अपनी रणनीति तैयार करने में जुटे हैं। ऐसे में INDIA गठबंधन की बैठक में उनकी अनुपस्थिति को राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है।
शरद पवार अस्पताल में भर्ती, मुंबई में रहेंगी सुप्रिया सुले
ABP न्यूज से बातचीत में सुप्रिया सुले ने बताया कि शरद पवार अस्पताल में भर्ती हैं और इस वजह से उनका मुंबई में रहना जरूरी है। उनसे जब पूछा गया कि क्या उनकी पार्टी का कोई दूसरा सांसद INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल होगा, तो उन्होंने कहा कि पार्टी के सांसद अलग-अलग कार्यक्रमों में व्यस्त हैं।
सुप्रिया सुले के अनुसार, कुछ सांसदों ने लोकार्पण कार्यक्रमों की जिम्मेदारी ली है, जबकि कुछ जगहों पर भूमि पूजन के कार्यक्रम निर्धारित हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यदि पार्टी का कोई सांसद बैठक के लिए उपलब्ध होगा, तो इसकी जानकारी दी जाएगी।
परिसीमन विधेयक पर बिना पढ़े फैसला नहीं करेगी NCP
परिसीमन का मुद्दा अब राजनीतिक दलों के बीच नए समीकरणों और गठबंधन की रणनीति की परीक्षा बनता दिखाई दे रहा है। शरद पवार की पार्टी ने संकेत दिया है कि वह प्रस्तावित विधेयक को देखे बिना इस पर कोई अंतिम रुख नहीं अपनाएगी।
सुप्रिया सुले ने परिसीमन विधेयक को लेकर कहा कि जब तक विधेयक उनके सामने नहीं आता, तब तक इस पर कोई टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा, “जब तक बिल हाथ में न आए, मैं कैसे बोलूं?”
उनसे यह भी पूछा गया कि क्या INDIA गठबंधन के किसी नेता ने परिसीमन विधेयक को लेकर उनसे संपर्क किया है। इस पर सुप्रिया सुले ने कहा कि वह INDIA गठबंधन के नेताओं के साथ रोज बातचीत करती हैं और विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से चर्चा होती रहती है।
‘मैं जो भी करती हूं, देशहित के लिए करती हूं’
सुप्रिया सुले से जब पूछा गया कि यदि परिसीमन विधेयक देशहित में हुआ तो क्या वह इसका समर्थन करेंगी, तो उन्होंने कहा, “मैं जो भी करती हूं, वो देशहित और देश की सेवा के लिए ही करती हूं।”
उनके इस बयान से स्पष्ट है कि पार्टी विधेयक के प्रावधानों को समझने के बाद ही अपना रुख तय करना चाहती है। फिलहाल NCP की ओर से परिसीमन विधेयक के समर्थन या विरोध को लेकर कोई अंतिम घोषणा नहीं की गई है।
परिसीमन पर शरद पवार की पार्टी के रुख पर नजर
परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों ने राष्ट्रीय राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। कांग्रेस, डीएमके और आम आदमी पार्टी सहित कई विपक्षी दल इस प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां जाहिर कर चुके हैं। खास तौर पर राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के प्रतिनिधित्व और दक्षिण भारतीय राज्यों की हिस्सेदारी को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: परिसीमन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी, लोकसभा सीटें 50% बढ़ाने का प्रस्ताव
ऐसे राजनीतिक माहौल में शरद पवार की पार्टी का रुख महत्वपूर्ण हो सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शरद पवार के बीच लंबे समय से राजनीतिक मतभेदों के साथ व्यक्तिगत सम्मान का रिश्ता भी रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि विधेयक के प्रावधान सामने आने के बाद NCP क्या रुख अपनाती है और संसद में विपक्षी गठबंधन की रणनीति में उसकी क्या भूमिका रहती है।









