दिसंबर की शुरुआत में पैदा हुई भारी ऑपरेशनल दिक्कतों को स्वीकारते हुए इंडिगो ने अपने प्रभावित यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। एयरलाइन ने घोषणा की है कि 3, 4 और 5 दिसंबर को जिन यात्रियों की यात्रा गंभीर रूप से बाधित हुई थी, उन्हें 10,000 रुपये का ट्रैवल वाउचर दिया जाएगा। यह वाउचर पूरे एक वर्ष तक किसी भी नई फ्लाइट बुकिंग में इस्तेमाल किया जा सकेगा।
क्यों जारी किए जा रहे हैं वाउचर?
इन तारीखों में एयरलाइन के परिचालन में अचानक आई गड़बड़ियों के कारण हजारों यात्रियों को घंटों हवाई अड्डों पर इंतजार करना पड़ा। कई यात्री अपनी कनेक्टिंग फ्लाइट और जरूरी कार्यक्रमों से चूक गए। कंपनी ने स्वीकार किया कि यह स्थिति यात्रियों के लिए बेहद कठिन रही और इंडिगो इसकी पूरी जिम्मेदारी लेती है। यात्रियों के विश्वास को फिर से मजबूत करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
सरकारी नियम: 24 घंटे में फ्लाइट रद्द होने पर मुआवजा अनिवार्य
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के मौजूदा प्रावधानों के अनुसार यदि कोई फ्लाइट निर्धारित समय से 24 घंटे के भीतर रद्द होती है, तो एयरलाइन को यात्रियों को मुआवजा देना आवश्यक है। यह मुआवजा दूरी और यात्रा अवधि के आधार पर 5,000 से 10,000 रुपये के बीच हो सकता है। इस तरह कई यात्रियों को वाउचर के अलावा अतिरिक्त मुआवजा भी मिल सकता है।
रिफंड प्रक्रिया तेज
इंडिगो का कहना है कि जिन यात्रियों की फ्लाइट रद्द हुई थी, उनमें से अधिकांश के रिफंड प्रोसेस कर दिए गए हैं। ट्रैवल एजेंसियों, ऑनलाइन पोर्टलों या ऐप के माध्यम से बुक की गई टिकटों के रिफंड भी जारी किए जा रहे हैं। यदि कोई यात्री अपने रिफंड की स्थिति नहीं देख पा रहा है, तो वह सीधे एयरलाइन से ईमेल के जरिए संपर्क कर सकता है: customer.experience@goindigo.in
यह भी पढ़ें: अमित शाह ने नेहरू, इंदिरा और सोनिया गांधी की वोट चोरी गिनाई
इंडिगो का बयान
एयरलाइन ने कहा कि वे अपनी सेवाओं को स्थिर और भरोसेमंद बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। यात्रियों की दिक्कतों को गंभीरता से लेते हुए यह वाउचर सबसे अधिक प्रभावित हुए यात्रियों को राहत के रूप में दिया जा रहा है। कंपनी ने यात्रियों के धैर्य और सहयोग के लिए धन्यवाद भी जताया है।









