हरियाणा की राजनीति में उस समय हलचल मच गई, जब जननायक जनता पार्टी (JJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला का एक तीखा और विवादित बयान सामने आया। महेंद्रगढ़ जिले में आयोजित युवा योद्धा सम्मेलन के दौरान उन्होंने मंच से ऐसा बयान दिया, जिस पर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
आंदोलन को लेकर दिया भड़काऊ संदेश
सम्मेलन को संबोधित करते हुए अजय चौटाला ने कहा कि मौजूदा शासकों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि देश में भी नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका जैसे आंदोलन होने चाहिए, जहां युवाओं ने सरकारों के खिलाफ सड़कों पर उतरकर बदलाव किया। उनके बयान में शासकों को सत्ता से हटाने और उन्हें देश छोड़ने पर मजबूर करने जैसी बातें शामिल रहीं।
पड़ोसी देशों के उदाहरणों का जिक्र
जेजेपी अध्यक्ष ने अपने भाषण में कहा कि पड़ोसी देशों में युवाओं ने संगठित होकर आंदोलन किए और सरकारों को सत्ता से बाहर कर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे ही हालात भारत में भी पैदा करने होंगे, तभी कथित कुशासन से छुटकारा मिल सकेगा।
राजनीतिक पृष्ठभूमि भी चर्चा में
गौरतलब है कि अजय चौटाला हरियाणा के पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के पिता और पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के पुत्र हैं। उनके इस बयान को लेकर विपक्षी दलों के साथ-साथ सत्तारूढ़ पक्ष की ओर से भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: हरियाणा: लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को हर महीने मिल रहे इतने रूपये
बयान पर बढ़ सकता है सियासी घमासान
अजय चौटाला के इस बयान को लेकर राजनीतिक विवाद गहराने की संभावना जताई जा रही है। कई लोग इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ बता रहे हैं, जबकि समर्थक इसे सरकार के खिलाफ नाराजगी की अभिव्यक्ति बता रहे हैं। अब देखना होगा कि इस बयान पर पार्टी की ओर से कोई सफाई आती है या नहीं और प्रशासन इस पर क्या रुख अपनाता है।









