ओडिशा में शनिवार को एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। राउरकेला से भुवनेश्वर जा रहा 9-सीटर चार्टर्ड विमान उड़ान के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह विमान इंडिया वन एयर का बताया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई, हालांकि विमान में सवार सभी छह लोग घायल हो गए।
उड़ान के कुछ मिनट बाद हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, विमान ने राउरकेला से उड़ान भरने के बाद करीब 10 से 15 किलोमीटर की दूरी तय की थी, तभी यह दुर्घटना का शिकार हो गया। विमान में चार यात्री और दो क्रू मेंबर सवार थे। घायलों में पायलट कैप्टन नवीन कड़ंगा और कैप्टन तरुण श्रीवास्तव भी शामिल हैं। सभी को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
आपात लैंडिंग की कोशिश, जालदा के पास गिरा विमान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान ने आपात स्थिति में उतरने की कोशिश की थी, लेकिन जालदा इलाके के पास वह तेजी से नीचे आ गया। विमान के अचानक नीचे आते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि विमान को दोपहर करीब 1:15 बजे राउरकेला में उतरना था, लेकिन इससे पहले ही यह हादसा हो गया।
मौके पर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज के कमांड सेंटर ने पूरे ऑपरेशन का समन्वय किया, ताकि घायलों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालकर चिकित्सा सहायता दी जा सके और विमान को सुरक्षित किया जा सके।
जांच शुरू, कारणों का नहीं हुआ खुलासा
फिलहाल विमान हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित विमानन अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि तकनीकी खराबी, मौसम या किसी अन्य वजह से यह दुर्घटना हुई।
यह भी पढ़ें: हिजाब पहनने वाली बेटी एक दिन प्रधानमंत्री बनेगी: ओवैसी
इस घटना के बाद क्षेत्रीय उड़ानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन और विमानन एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।









