दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को मंगलवार को उस समय परेशानी का सामना करना पड़ा, जब दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) की मैजेंटा लाइन पर सेवाएं अचानक प्रभावित हो गईं। कॉर्पोरेशन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, सिग्नल सिस्टम में आई तकनीकी खराबी के कारण ट्रेनों की आवाजाही बाधित हुई।
यह दिक्कत खासतौर पर कालकाजी मंदिर मेट्रो स्टेशन और बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन के बीच देखने को मिली, जहां ट्रेनों की रफ्तार धीमी हो गई और कई जगहों पर सेवाएं रुक-रुक कर चलती रहीं। वहीं, अन्य सभी मेट्रो लाइनों पर परिचालन सामान्य बताया गया।
यात्रियों के अनुसार, कई ट्रेनों को बीच रास्ते में रोकना पड़ा, जिससे लोग कोच के अंदर और प्लेटफॉर्म पर लंबे समय तक इंतजार करने को मजबूर हुए। कुछ यात्रियों ने बताया कि वे 30 मिनट से अधिक समय तक फंसे रहे, जिससे उन्हें भारी असुविधा हुई।
तकनीकी समस्या को दूर करने के लिए इंजीनियरों की टीम मौके पर तैनात की गई। बताया जा रहा है कि 4 से 5 विशेषज्ञ लगातार सिग्नल सिस्टम की जांच में जुटे रहे, ताकि सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल किया जा सके।
इस बीच, सोशल मीडिया पर भी यात्रियों का गुस्सा देखने को मिला। कई लोगों ने सेवा में देरी और बार-बार आने वाली तकनीकी समस्याओं को लेकर सवाल उठाए। कुछ यात्रियों ने दावा किया कि पीक आवर्स के दौरान इस लाइन पर अक्सर 15 से 20 मिनट की देरी हो जाती है, जिससे दफ्तर आने-जाने वालों को खासा नुकसान होता है।
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव: टेप चिपका दिया EVM में BJP के बटन पर
हालांकि, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने आश्वासन दिया है कि समस्या को जल्द ठीक कर लिया जाएगा और यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। फिलहाल, स्थिति को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।









