तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के एग्जिट पोल ने इस बार राज्य की राजनीति को दिलचस्प मोड़ पर ला खड़ा किया है। ताजा सर्वे के अनुसार, मुख्यमंत्री पद के लिए लोगों की पसंद में फिल्म अभिनेता से नेता बने विजय ने बढ़त बनाई है, जबकि सत्ता की लड़ाई में एमके स्टालिन के नेतृत्व वाली पार्टी अभी भी मजबूत स्थिति में नजर आ रही है।
सीएम चेहरे में कड़ी टक्कर
सर्वे के मुताबिक, तमिलागा वेत्री कझगम के प्रमुख विजय को 37 प्रतिशत लोगों ने अगला मुख्यमंत्री पसंद किया है। वहीं मौजूदा मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को 35 प्रतिशत समर्थन मिला है। इससे साफ है कि राज्य में नेतृत्व के स्तर पर कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री एडप्पादी के पलानीस्वामी को 22 प्रतिशत लोगों ने पसंद किया, जबकि बीजेपी के के अन्नामलाई को सीमित समर्थन मिला। नाम तमिलर काची के नेता सेंथमिझन सीमन भी इस दौड़ में पीछे नजर आए।
सत्ता में वापसी की ओर DMK?
हालांकि मुख्यमंत्री पद के लिए व्यक्तिगत पसंद में विजय आगे दिख रहे हैं, लेकिन सरकार बनाने के मामले में द्रविड़ मुनेत्र कषगम का पलड़ा भारी बताया जा रहा है। ज्यादातर एग्जिट पोल संकेत दे रहे हैं कि DMK गठबंधन एक बार फिर सत्ता में लौट सकता है।
पहली बार चुनाव में TVK का असर
विजय की पार्टी TVK इस बार पहली बार चुनाव मैदान में उतरी है और शुरुआती अनुमानों में ही उसका प्रभाव नजर आ रहा है। अलग-अलग सर्वे एजेंसियों के मुताबिक पार्टी को 16 से लेकर 120 सीटों तक मिलने का अनुमान है, जो काफी बड़ा अंतर दिखाता है।
यह भी पढ़ें: डॉलर के मुकाबले रुपया फिर हुआ कमजोर, 95 के पार
4 मई को आएंगे नतीजे
तमिलनाडु की राजनीति में इस बार नया चेहरा और नई पार्टी एक मजबूत चुनौती पेश कर रहे हैं। हालांकि, ये सभी आंकड़े एग्जिट पोल पर आधारित हैं। असली तस्वीर 4 मई को मतगणना के बाद ही साफ होगी, जब यह तय होगा कि राज्य की सत्ता किसके हाथ में जाएगी।









