निहाल सरीन ने ओपन वर्ग में जीता स्वर्ण पदक
ओपन वर्ग में नोवी बोर चेस क्लब की ओर से बोर्ड-2 पर खेलने वाले भारतीय ग्रैंडमास्टर निहाल सरीन ने छह मुकाबलों में पांच अंक हासिल किए। उन्होंने चार मुकाबलों में जीत दर्ज की, जबकि दो मैच ड्रॉ रहे।
निहाल ने जॉर्डन वैन फॉरेस्ट, कार्तिकेयन मुरली और मैक्सिम रोडश्टीन जैसे खिलाड़ियों को हराकर शानदार प्रदर्शन किया। उनके दमदार खेल ने उन्हें बोर्ड-2 पर व्यक्तिगत स्वर्ण पदक दिलाया।
हालांकि, निहाल की टीम नोवी बोर चेस क्लब टीम खिताब जीतने से चूक गई। टीम को उपविजेता स्थान से संतोष करना पड़ा, जबकि बेयगेन पेंडिक स्पोर्ट्स क्लब ने चैंपियनशिप अपने नाम की।
पी. हरिकृष्णा को मिला रजत पदक
भारतीय ग्रैंडमास्टर पी. हरिकृष्णा ने भी नोवी बोर चेस क्लब का प्रतिनिधित्व करते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया। बोर्ड-3 पर खेलते हुए उन्होंने छह मुकाबलों में पांच अंक जुटाए और व्यक्तिगत रजत पदक जीता।
ओपन वर्ग में भारत के लिए एक और सफलता कार्तिकेयन मुरली ने हासिल की। मोंटेनेग्रो के क्लब टीम इलेक्ट्रोप्रिव्रेडा की ओर से बोर्ड-2 पर खेलते हुए उन्होंने छह मुकाबलों में 4.5 अंक बनाए और कांस्य पदक अपने नाम किया। इस दौरान उनकी यागिज कान एर्दोगमुस के खिलाफ जीत खास रही।
टीम इलेक्ट्रोप्रिव्रेडा प्रतियोगिता की अंतिम तालिका में 11वें स्थान पर रही। वहीं, भारतीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी ने बोर्ड-1 पर चौथा स्थान हासिल किया।
कोनेरू हम्पी ने मोंटे-कार्लो को दिलाया महिला टीम खिताब
महिला वर्ग में भारतीय ग्रैंडमास्टर कोनेरू हम्पी ने अपनी शानदार चालों से टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी टीम सर्कल डी’एशेक्स डी मोंटे-कार्लो ने यूरोपियन चेस क्लब कप महिला प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया।
हम्पी ने सात राउंड के Chess Tournament में छह मुकाबले खेले और 4.5 अंक हासिल किए। बोर्ड-2 पर उनके प्रदर्शन ने उन्हें व्यक्तिगत स्वर्ण पदक दिलाया।
डब्ल्यूएफएम निया डोंगवानी के खिलाफ हम्पी की जीत टीम के लिए निर्णायक साबित हुई। उनके इस प्रदर्शन से मोंटे-कार्लो की खिताबी सफलता को मजबूती मिली।
यह भी पढ़ें: IND vs NZ T20: तिलक वर्मा और नितीश रेड्डी ने भारत को 4 विकेट से जिताया मैच
भारतीय शतरंज के लिए बड़ी उपलब्धि
यूरोपियन चेस क्लब कप 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत पदकों के साथ-साथ टीम प्रतियोगिताओं में भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। निहाल सरीन और कोनेरू हम्पी के स्वर्ण पदक, पी. हरिकृष्णा के रजत और कार्तिकेयन मुरली के कांस्य पदक ने अंतरराष्ट्रीय क्लब शतरंज में भारत की मजबूत मौजूदगी को रेखांकित किया।









