इस प्रस्ताव को लेकर देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस, डीएमके और आम आदमी पार्टी ने परिसीमन की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए सरकार के सामने अपनी मांगें रखी हैं। विपक्षी दलों की मुख्य चिंता यह है कि लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़ने के बाद राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मौजूदा संतुलन प्रभावित नहीं होना चाहिए।
परिसीमन पर कांग्रेस ने सरकार के सामने रखीं तीन मांगें
कांग्रेस ने प्रस्तावित परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि विनिर्माण क्षेत्र को गति देने में नाकाम मोदी सरकार अब लोकसभा में अपने पक्ष में दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने इसे भारतीय संविधान पर हमला बताते हुए कहा कि कांग्रेस इसका पूरी ताकत से विरोध करेगी।
जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए परिसीमन और महिला आरक्षण पर कांग्रेस का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की मांगें शुरू से स्पष्ट और एकसमान रही हैं।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:
- लोकसभा की मौजूदा कुल सीटों की संख्या अगले 25 वर्षों तक बरकरार रखी जाए।
- राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा बंटवारा अगले 25 वर्षों तक जारी रहे।
- महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू किया जाए। इसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के लिए आरक्षण के भीतर आरक्षण का प्रावधान भी शामिल हो।
कांग्रेस का तर्क है कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए लोकसभा की सीटों की संख्या या राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व के अनुपात में बदलाव करना जरूरी नहीं होना चाहिए।
एमके स्टालिन बोले- तमिलनाडु की हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए
परिसीमन को लेकर डीएमके प्रमुख और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भी अपना रुख साफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि परिसीमन के संभावित खतरों के खिलाफ आवाज उठाने वाली पहली राजनीतिक पार्टी डीएमके थी। स्टालिन के मुताबिक, चेन्नई में ही पहली बार देश के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एक मंच पर आए और निष्पक्ष परिसीमन की मांग उठाई।
एमके स्टालिन ने सोशल मीडिया पोस्ट में तमिलनाडु विधानसभा से पारित प्रस्ताव और निष्पक्ष परिसीमन के लिए संयुक्त कार्य समिति की बैठकों का उल्लेख करते हुए दो प्रमुख मांगें रखीं।
- लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाए जाने की स्थिति में भी सदन में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी किसी भी हालत में कम नहीं होनी चाहिए।
- 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व का जो अनुपात निर्धारित किया गया था और बाद में स्थिर कर दिया गया था, उसे अगले 25 वर्षों तक भी बरकरार रखा जाए।
स्टालिन ने कहा कि डीएमके अपनी इन दोनों मांगों पर अडिग है। तमिलनाडु के हितों और पार्टी के सिद्धांतों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने मीडिया में चल रही राजनीतिक अटकलों पर भी नाराजगी जताई। स्टालिन ने कहा कि इस तरह की चर्चाएं और आरोप डीएमके के संकल्प को कमजोर नहीं कर सकते। उन्होंने दोहराया कि पार्टी तमिलनाडु के हितों से पीछे नहीं हटेगी।
संजय सिंह ने परिसीमन को बताया ‘बीजेपी जिताओ विधेयक’
आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया में देश के किसी भी राज्य के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।
संजय सिंह ने इस प्रस्ताव को ‘बीजेपी जिताओ विधेयक’ बताते हुए आरोप लगाया कि चुनाव क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण इस तरह किया जा सकता है, जिससे सत्तारूढ़ पार्टी को चुनावी लाभ मिले। उन्होंने कहा कि जो विपक्षी दल इस विधेयक का समर्थन करने जा रहे हैं, वे अपने ही पैरों पर कुल्हाड़ी मार रहे हैं।
AAP सांसद ने असम और जम्मू-कश्मीर में परिसीमन की प्रक्रिया का हवाला देते हुए आशंका जताई कि इसी तरह चुनाव क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण से भविष्य में बीजेपी के लिए चुनावी फायदे की स्थिति बनाई जा सकती है।
संसद के विशेष सत्र में होगी विधेयक पर नजर
परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े इस प्रस्ताव पर संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। शुक्रवार को कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब सरकार के अगले कदम और संसद में विधेयक पेश किए जाने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
यह भी पढ़ें: FIDE वर्ल्ड चैंपियनशिप: गुकेश और सिंदारोव के बीच 60 चालों तक चला मुकाबला ड्रॉ, स्कोर 1.5-1.5
एक ओर केंद्र सरकार लोकसभा की सीटों में बढ़ोतरी और महिला आरक्षण से जुड़े बदलावों की दिशा में आगे बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर विपक्षी दल राज्यों के प्रतिनिधित्व और परिसीमन की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठा रहे हैं। ऐसे में संसद के विशेष सत्र में इस मुद्दे पर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।









