हरियाणवी फिल्मों के चर्चित अभिनेता और निर्माता उत्तर कुमार को गाजियाबाद पुलिस ने दो दिन की खोजबीन और नाटकीय घटनाक्रम के बाद आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। उत्तर कुमार पर एक दलित एक्ट्रेस ने गंभीर आरोप लगाते हुए दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था।
पहले पुलिस ने आरोपी को क्लीन चिट देते हुए केस में फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी, लेकिन जब पीड़िता ने लखनऊ में आत्मदाह की कोशिश की, तब मामला दोबारा खुला और एक नए अधिकारी को जांच सौंपी गई। इसके बाद पुलिस ने अमरोहा से उत्तर कुमार को हिरासत में लिया।
हिरासत के दौरान किया जहर खाने का नाटक
15 सितंबर की सुबह जब पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के अमरोहा पहुंची, तो उत्तर कुमार को पकड़ने के बाद उन्होंने पुलिस को यह कहकर चौंका दिया कि उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया है। आनन-फानन में पुलिस उन्हें एक बड़े अस्पताल ले गई, जहां 24 घंटे से अधिक निगरानी में रखा गया। मेडिकल जांच में हालांकि जहर की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद 16 सितंबर को दोपहर में उन्हें थाना शालीमार गार्डन लाया गया और वहीं से उनकी गिरफ्तारी की गई।
पत्नी और समर्थकों ने किया विरोध प्रदर्शन
उत्तर कुमार की गिरफ्तारी के विरोध में उनकी पत्नी और अन्य समर्थकों ने गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के बाहर प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि आत्मदाह की धमकी के दबाव में आकर पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की। प्रदर्शनकारियों का यह भी दावा था कि शिकायतकर्ता महिला अभिनेता से 3 करोड़ रुपये की मांग कर रही थी, और पैसे नहीं मिलने पर झूठा केस दर्ज कराया गया।
कोर्ट ने भेजा 14 दिन की न्यायिक हिरासत में
गिरफ्तारी के बाद उत्तर कुमार को स्थानीय कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है और पीड़िता के बयान के आधार पर साक्ष्य जुटा रही है।
क्या है मामला?
पीड़िता, जो एक उभरती हुई दलित अभिनेत्री है, ने उत्तर कुमार पर शोषण, दुष्कर्म और धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। शुरुआती जांच में पुलिस ने सबूतों के अभाव में केस बंद कर दिया था, लेकिन पीड़िता के आत्मदाह के प्रयास के बाद मामला दोबारा खोला गया।
यह भी पढ़ें: BCCI: अपोलो टायर्स बना टीम इंडिया का नया प्रमुख स्पॉन्सर
यह मामला अब पूरे हरियाणा और उत्तर प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है, और इसे लेकर सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।









