भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने मंगलवार को नेपाल में चल रहे जेन-जेड (Gen Z) प्रदर्शनों को लेकर संयम बरतने की अपील की। मंत्रालय ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक एडवाइजरी जारी किया और उन्हें सावधानी बरतने तथा नेपाली अधिकारियों द्वारा जारी किए गए कदमों और दिशानिर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, ‘हमने यह भी नोट किया है कि काठमांडू और नेपाल के कई अन्य शहरों में अधिकारियों ने कर्फ्यू लगाया है। नेपाल में मौजूद भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे सावधानी बरतें और नेपाली अधिकारियों द्वारा जारी किए गए कदमों और दिशानिर्देशों का पालन करें।’
यह भी पढ़ें- Breaking: Gen Z Protest के बीच नेपाल के PM का इस्तीफा, क्या राजनीति की भेंट चढ़ा रहा नेपाल?
बयान में कहा गया, ‘एक करीबी मित्र और पड़ोसी होने के नाते हम उम्मीद करते हैं कि सभी पक्ष संयम बरतेंगे और किसी भी मुद्दे को शांतिपूर्ण तरीकों और संवाद के माध्यम से सुलझाएंगे।’
विदेश मंत्रालय ने आगे कहा, ‘हम कल से नेपाल में हो रही घटनाओं पर कड़ी निगरानी रखे हुए हैं और कई युवाओं की मौत से गहरा दुखी हैं। हमारी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं। हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना करते हैं।’
यह बयान उस समय आया है जब नेपाल सरकार द्वारा सोशल मीडिया पर लगाए गए प्रतिबंध को हटाए जाने के बाद भी प्रदर्शन फिर से शुरू हो गए। इन हिंसक प्रदर्शनों में कम से कम 18 लोगों की मौत और 250 से अधिक लोग घायल हुए थे।









