तेलंगाना के कामारेड्डी जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली घरेलू विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। बताया जा रहा है कि खाने को लेकर हुए झगड़े में पत्नी ने कथित तौर पर अपने पति पर जानलेवा हमला कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
मृतक की पहचान कोडंदम शिवाजी (28) के रूप में हुई है, जो पेशे से कबाड़ का काम करता था। घटना शनिवार रात करीब 9 बजे की है, जब शिवाजी का अपनी पत्नी लक्ष्मी के साथ चिकन न बनाने को लेकर विवाद हो गया।
झगड़ा बढ़ता देख पास में रहने वाले रिश्तेदार बीच-बचाव के लिए पहुंचे और दोनों को शांत कराया। लेकिन कुछ समय बाद ही दोनों के बीच फिर से बहस शुरू हो गई। आरोप है कि शिवाजी ने घरेलू मुद्दों को लेकर पत्नी पर नाराजगी जताई, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
हंसिया से हमला, मौके पर मौत
पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान लक्ष्मी ने घर में रखा हंसिया उठाया और शिवाजी की गर्दन पर वार कर दिया। हमले के बाद शिवाजी जमीन पर गिर पड़े, जिससे उनके सिर में भी गंभीर चोट आई। अत्यधिक खून बहने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार का क्या कहना है?
परिजनों के मुताबिक, शिवाजी और लक्ष्मी की शादी करीब छह साल पहले हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। परिवार का कहना है कि दोनों के बीच अक्सर घरेलू बातों को लेकर विवाद होता रहता था और कई बार रिश्तेदारों ने सुलह कराने की कोशिश भी की थी।
यह भी पढ़ें: गुजरात निकाय चुनाव: कच्छ में AIMIM की एंट्री
पुलिस कार्रवाई
मृतक के बड़े भाई की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। लक्ष्मी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया है और उसे अदालत में पेश करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।







