बॉलीवुड इंडस्ट्री इन दिनों लगातार मिल रही धमकियों के कारण दहशत में है। हाल ही में सुपरस्टार सलमान खान के एक करीबी रिश्तेदार को धमकी भरा ईमेल मिलने की खबर सामने आई है। ईमेल में न सिर्फ बड़ी रकम की मांग की गई है, बल्कि पैसे न देने पर जान से मारने की चेतावनी भी दी गई है। इस घटना के बाद मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच सतर्क हो गई है।
ईमेल के जरिए मांगी गई फिरौती
पुलिस सूत्रों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल में भेजने वाले ने खुद को कथित तौर पर बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया है। संदेश में भारी भरकम रकम की मांग की गई है। हालांकि अब तक सलमान खान या उनके परिवार की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों का कहना है कि यह भी जांच की जा रही है कि क्या वाकई धमकी देने वाला किसी गैंग से जुड़ा है या फिर यह किसी शरारती तत्व द्वारा डर का माहौल बनाकर ठगी की कोशिश है।
संदिग्धों की लोकेशन से बढ़ी चिंता
क्राइम ब्रांच को जांच के दौरान कुछ संदिग्ध मोबाइल लोकेशन मिली हैं, जो कथित तौर पर कुछ बॉलीवुड सितारों के घरों के आसपास ट्रेस हुई हैं। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या किसी गैंग ने रेकी करवाई थी। सभी डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
गौरतलब है कि इससे पहले फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई थी। इसके बाद अभिनेता रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण को व्हाट्सएप पर धमकी भरा वॉइस नोट मिला था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस मैसेज में 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी।
रणवीर और दीपिका के मुंबई स्थित आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। फिलहाल उनके घर के बाहर छह सशस्त्र गार्ड तैनात किए गए हैं। पुलिस डिजिटल ट्रेल के जरिए धमकी भेजने वालों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
इंडस्ट्री में बढ़ी सुरक्षा
लगातार मिल रही धमकियों के चलते बॉलीवुड सेलेब्स की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और सभी मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी के सवालों पर आया जनरल नरवणे और पेंगुइन का जवाब
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इन धमकियों के पीछे कौन है, लेकिन एक के बाद एक सामने आ रही घटनाओं ने फिल्म इंडस्ट्री में चिंता बढ़ा दी है। मुंबई पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।









