केंद्र सरकार ने दीपावली से पहले 5वें और 6वें वेतन आयोग के तहत आने वाले केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में वृद्धि की घोषणा की है। वित्त मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, 1 जुलाई 2025 से संशोधित दरें प्रभावी होंगी।
5वें वेतन आयोग के कर्मचारियों को 8% का फायदा
वित्त मंत्रालय ने बताया कि 5वें वेतन आयोग के तहत वेतन प्राप्त करने वाले कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते को 466% से बढ़ाकर 474% कर दिया गया है। इस फैसले से संबंधित कर्मचारियों को कुल 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा। भले ही यह वेतन आयोग 2005 में समाप्त हो गया था, लेकिन अब भी कुछ कर्मचारी और पेंशनर्स इसी स्केल पर वेतन प्राप्त कर रहे हैं।
6वें वेतन आयोग के कर्मचारियों को 5% की राहत
इसी तरह 6वें वेतन आयोग के दायरे में आने वाले कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता 252% से बढ़ाकर 257% किया गया है। यानी इन्हें 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा। यह भी 1 जुलाई 2025 से लागू होगा। यह आयोग 2015 तक प्रभावी रहा, जिसके बाद 7वां वेतन आयोग लागू किया गया था।
7वें वेतन आयोग के कर्मचारियों को भी हाल ही में मिली राहत
कुछ ही दिन पहले सरकार ने 7वें वेतन आयोग के तहत काम करने वाले लगभग 49.19 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.72 लाख पेंशनभोगियों के लिए 3% डीए वृद्धि की घोषणा की थी। यह निर्णय भी 1 जुलाई 2025 से प्रभावी किया गया है।
साल में दो बार होती है डीए की समीक्षा
सरकार हर साल जनवरी और जुलाई में डीए की समीक्षा करती है। इसका मुख्य उद्देश्य बढ़ती महंगाई के कारण कर्मचारियों की क्रय शक्ति बनाए रखना और उन्हें आर्थिक राहत देना होता है। इस बार त्योहारों के मौसम में लिया गया यह निर्णय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए किसी बोनस से कम नहीं माना जा रहा है।
क्या बोले कर्मचारी संगठन?
कर्मचारी संगठनों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि यह कदम त्योहारों के समय आर्थिक सहारा प्रदान करेगा। साथ ही, लंबे समय से लंबित मांगों में से एक को मानते हुए सरकार ने पुराने वेतन आयोग के तहत काम कर रहे कर्मियों को भी राहत दी है।
यह भी पढ़ें: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म बदले, प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री भी बंद
त्योहारी मौसम में केंद्र सरकार द्वारा घोषित डीए में यह बढ़ोतरी लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए वेतनवृद्धि जैसा बड़ा उपहार बनकर आई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि आने वाले महीनों में सरकार कर्मचारियों के हित में और कौन-से कदम उठाती है।









