एशिया कप 2025 को लेकर संशय की स्थिति बन गई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के बीच तकरार के चलते टूर्नामेंट की राह आसान नहीं दिख रही है। दरअसल, ACC की वार्षिक बैठक 24 जुलाई को बांग्लादेश की राजधानी ढाका में प्रस्तावित है, लेकिन BCCI ने बैठक के स्थान को लेकर गंभीर आपत्ति जताई है।
ढाका में बैठक नहीं तो फैसला भी नहीं: BCCI का कड़ा रुख
सूत्रों के अनुसार, बीसीसीआई ने एसीसी से स्पष्ट रूप से कह दिया है कि यदि बैठक का स्थान बदला नहीं गया, तो भारत उस मीटिंग में लिए गए किसी भी निर्णय को स्वीकार नहीं करेगा। बीसीसीआई ने ढाका में मौजूदा राजनीतिक हालात और सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए पहले ही बैठक स्थल बदलने की मांग की थी। लेकिन अब तक एसीसी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

पाकिस्तान बोर्ड के अध्यक्ष हैं मोहसिन नकवी
मोहसिन नकवी वर्तमान में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष होने के साथ-साथ एसीसी के चेयरमैन भी हैं। भारतीय बोर्ड के सूत्रों का मानना है कि मोहसिन भारत पर अनावश्यक दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। बीसीसीआई का साफ कहना है कि जब तक बैठक की लोकेशन बदली नहीं जाती, वे इसमें भाग नहीं लेंगे और किसी निर्णय को मान्यता नहीं देंगे।
मेजबान भारत, लेकिन अब भी तस्वीर धुंधली
एशिया कप 2025 की मेजबानी अधिकारिक रूप से भारत के पास है और यह टूर्नामेंट टी-20 फॉर्मेट में खेला जाना है। इसमें कुल 6 टीमें हिस्सा लेंगी, लेकिन अब तक न तो इसकी तारीख तय हुई है और न ही स्थान। माना जा रहा था कि यह टूर्नामेंट सितंबर 2025 में आयोजित हो सकता है, लेकिन मौजूदा विवाद के कारण इसकी योजना पर असर पड़ता दिख रहा है।
क्या होगा अगला कदम?
अब सभी की नजरें एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं। यदि बैठक की लोकेशन में बदलाव नहीं होता, तो भारत के विरोध के चलते एशिया कप की तैयारियां अधर में लटक सकती हैं। साथ ही यह विवाद भारत-पाकिस्तान क्रिकेट संबंधों में और खटास पैदा कर सकता है।
यह भी पढ़ें: शाहरुख खान फिल्म ‘किंग’ की शूटिंग के दौरान हुए घायल
जहां एक ओर एशिया कप जैसी बड़ी प्रतियोगिता का आयोजन क्षेत्रीय क्रिकेट को मजबूती देता है, वहीं प्रशासनिक मतभेद इसे मुश्किल में डाल सकते हैं। बीसीसीआई के इस सख्त रुख के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि एसीसी इस संकट से कैसे निपटता है और क्या ढाका की जगह किसी और शहर को विकल्प के तौर पर चुना जाता है।









