बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान एक बार फिर अपनी आगामी एक्शन फिल्म ‘किंग’ की शूटिंग के दौरान घायल हो गए हैं। 59 वर्षीय अभिनेता मुंबई के गोल्डन टोबैको स्टूडियो में एक हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस फिल्मा रहे थे, जब यह दुर्घटना हुई।
मांसपेशियों में आई चोट, इलाज के लिए अमेरिका रवाना
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद शाहरुख को मेडिकल सहायता के लिए अमेरिका ले जाया गया। हालांकि चोट को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन सूत्रों की मानें तो यह मांसपेशियों में खिंचाव या चोट है। यह गंभीर स्थिति नहीं मानी जा रही है, लेकिन पूरी तरह ठीक होने के लिए उन्हें कुछ समय का आराम जरूरी बताया गया है।

डॉक्टर्स ने दिया एक महीने का ब्रेक
रिपोर्ट्स में कहा गया है कि डॉक्टर्स ने सर्जरी के बाद शाहरुख को कम से कम एक महीने का ब्रेक लेने की सलाह दी है। इसके चलते ‘किंग’ फिल्म की शूटिंग का अगला शेड्यूल अब सितंबर या अक्टूबर में शुरू किया जाएगा। शूटिंग के लिए पहले से बुक फिल्म सिटी, गोल्डन टोबैको और वाईआरएफ स्टूडियो की बुकिंग फिलहाल के लिए रद्द कर दी गई है।
पहले भी लग चुकी हैं गंभीर चोटें
यह पहली बार नहीं है जब शाहरुख खान को शूटिंग के दौरान चोट लगी हो। इससे पहले भी वे कई बार चोटिल हो चुके हैं। फिल्म ‘डर’ की शूटिंग के दौरान उनकी तीन पसलियां और टखना टूट गया था। फिल्म ‘कोयला’ और ‘शक्ति’ के दौरान भी उन्हें गंभीर चोटें आई थीं, जिनमें से कुछ का इलाज विदेशों में करवाना पड़ा था।
फैंस कर रहे जल्द ठीक होने की दुआ
शाहरुख खान के फैंस सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। ‘किंग’ फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही भारी उत्साह है, और ऐसे में उनकी वापसी का सभी को बेसब्री से इंतजार है।
यह भी पढ़ें: गांधी मंडेला फाउंडेशन ने ‘नेल्सन मंडेला दिवस’ का किया आयोजन, ये गणमान्य रहे मौजूद
अब देखना होगा कि शाहरुख खान किस अंदाज में ‘किंग’ के साथ बड़े पर्दे पर लौटते हैं, लेकिन एक बात तो तय है कि अपने काम के प्रति उनका समर्पण हर बार मिसाल बन जाता है।









