देश के 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर भव्य परेड का आयोजन किया जाएगा। हर साल की तरह इस बार भी हजारों लोग परेड देखने पहुंचेंगे। इस अवसर पर दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) यात्रियों के लिए एक खास सुविधा लेकर आया है। पहली बार ऐसा होगा जब परेड के निमंत्रण पत्र के साथ आने-जाने के लिए मेट्रो का मुफ्त टिकट भी दिया जाएगा।
इसके अलावा 26 जनवरी को यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो की सेवाएं तड़के 3 बजे से शुरू होंगी, ताकि परेड में शामिल होने वाले लोगों को समय पर पहुंचने में परेशानी न हो।
फुल ड्रेस रिहर्सल और परेड के दिन कुछ स्टेशनों पर पाबंदी
डीएमआरसी के अनुसार, 23 जनवरी को होने वाली फुल ड्रेस रिहर्सल और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड के दौरान कुछ मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार अस्थायी रूप से बंद रहेंगे।
इन दिनों केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 3 और 4, उद्योग भवन के गेट 1, लाल किला और जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के गेट 3 और 4 पर यात्रियों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
इसके अलावा दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन के गेट 1, 4 और 5 तथा आईटीओ मेट्रो स्टेशन के गेट 3, 4 और 6 पर भी प्रवेश और निकास बंद रहेगा।
मेट्रो शेड्यूल देखकर करें यात्रा की योजना
डीएमआरसी ने बताया कि ये सभी कदम गणतंत्र दिवस परेड और उसके अभ्यास के सुचारू और सुरक्षित आयोजन के लिए उठाए गए हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले मेट्रो शेड्यूल और स्टेशन से जुड़ी जानकारी जरूर जांच लें।
यात्रियों से यह भी अपील की गई है कि वे स्टेशनों पर होने वाली घोषणाओं और डीएमआरसी के आधिकारिक प्लेटफॉर्म से जारी सूचनाओं का पालन करें। सुरक्षा कारणों से कुछ हिस्सों में बदलाव के बावजूद, मेट्रो नेटवर्क के अन्य रूट्स पर सेवाएं तय समय के अनुसार चलती रहेंगी।
सामान्य दिनों में क्या रहता है मेट्रो का समय
आमतौर पर दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सुबह 5 बजे से रात 11:30 बजे तक उपलब्ध रहती हैं। हालांकि पहली और आखिरी ट्रेन का समय अलग-अलग लाइनों और स्टेशनों के अनुसार बदलता है। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर मेट्रो सुबह करीब 4:45 बजे से चलने लगती है, जबकि कुछ लाइनों पर रविवार के दिन सेवाएं थोड़ी देर से शुरू होती हैं।
यह भी पढ़ें: PM Kisan Yojana: 22वीं किस्त को लेकर बड़ा अपडेट
गणतंत्र दिवस के मौके पर मेट्रो की बदली हुई समय-सारिणी को देखते हुए यात्रियों को पहले से तैयारी करने की सलाह दी गई है।









