पंचायती राज मंत्रालय ने ग्रामीण भारत में डिजिटल और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मंत्रालय ने MyGov के सहयोग से गांवों की आंतरिक सड़कों के लिए प्रस्तावित “इंट्रा-विलेज रोड कोडिंग एंड ग्रेडिंग सिस्टम” पर देशभर के नागरिकों से सुझाव मांगे हैं।
सरकार का उद्देश्य देश के हर गांव की हर सड़क को एक यूनिक पहचान देना है, ताकि आपातकालीन सेवाओं से लेकर डिलीवरी और सरकारी योजनाओं तक की पहुंच आसान और तेज हो सके।
क्या है सरकार की नई योजना?
इस पहल के तहत गांवों के भीतर मौजूद सभी छोटी-बड़ी सड़कों, गलियों और रास्तों को एक विशेष कोड और नाम दिया जाएगा। इन्हें डिजिटल मैप्स और राष्ट्रीय डेटाबेस से जोड़ा जाएगा, ताकि किसी भी सड़क की पहचान आसानी से की जा सके।
पंचायती राज मंत्रालय का कहना है कि यह पहली बार होगा जब ग्रामीण भारत की आंतरिक सड़क व्यवस्था को राष्ट्रीय स्तर पर व्यवस्थित डिजिटल पहचान मिलेगी।
सरकार को क्यों पड़ी इसकी जरूरत?
सरकार के अनुसार, अभी तक गांवों के अंदर की सड़कों का व्यवस्थित रिकॉर्ड या डिजिटल मैपिंग नहीं हो पाई है। इसके कारण कई समस्याएं सामने आती हैं:
- एंबुलेंस को सही जगह पहुंचने में परेशानी
- डाक और कुरियर सेवाओं में देरी
- पुलिस और फायर ब्रिगेड जैसी आपात सेवाओं को रास्ता खोजने में समय लगना
- सरकारी योजनाओं की निगरानी में दिक्कत
- डिजिटल मैप्स में गांवों की सही लोकेशन का अभाव
कई जगहों पर एक ही सड़क अलग-अलग नामों से जानी जाती है, जबकि कई रास्तों की कोई आधिकारिक पहचान ही नहीं होती।
क्या है इस पहल का विजन?
पंचायती राज मंत्रालय का लक्ष्य है कि देश के हर गांव की हर सड़क का एक तय नाम और यूनिक कोड हो, जिसे साइन बोर्ड, डिजिटल मैप और सरकारी रिकॉर्ड में आसानी से देखा जा सके।
सरकार का मानना है कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में “ईज ऑफ लिविंग” बेहतर होगा और सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक तेजी से पहुंच सकेंगी।
इस पहल का मुख्य संदेश है — “अगर किसी को ढूंढा जा सकता है, तो उसकी सेवा भी की जा सकती है।”
किन तकनीकों को जोड़ा जाएगा?
इस परियोजना में कई डिजिटल प्लेटफॉर्म और तकनीकों को जोड़ा जाएगा, जिनमें शामिल हैं:
- DIGIPIN इंटीग्रेशन
- ग्राम मानचित्र का उपयोग
- PMGSY रोड कोडिंग सिस्टम
- QR कोड आधारित साइन बोर्ड
- डिजिटल मैपिंग और जियोस्पेशियल टेक्नोलॉजी
सरकार चाहती है कि ग्रामीण सड़क नेटवर्क को आधुनिक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर से जोड़ा जाए।
जनता से किन मुद्दों पर मांगे गए सुझाव?
सरकार ने नागरिकों, पंचायत प्रतिनिधियों और विशेषज्ञों से कई अहम बिंदुओं पर राय मांगी है, जैसे:
- क्या प्रस्तावित रोड ग्रेडिंग सिस्टम गांवों के लिए उपयोगी है?
- क्या यह PMGSY नेटवर्क से मेल खाता है?
- स्थानीय स्तर पर कौन-कौन सी चुनौतियां सामने आ सकती हैं?
- ग्रामीण समुदाय की भागीदारी कैसे बढ़ाई जाए?
- साइन बोर्ड और QR कोड सिस्टम को कैसे बेहतर बनाया जाए?
कौन दे सकता है सुझाव?
इस सार्वजनिक परामर्श में कोई भी हिस्सा ले सकता है, जिनमें शामिल हैं:
- ग्रामीण और शहरी नागरिक
- पंचायत प्रतिनिधि
- शोधकर्ता और विशेषज्ञ
- सामाजिक संगठन
- सरकारी अधिकारी
- विकास क्षेत्र से जुड़े लोग
MyGov के माध्यम से लोग अपने सुझाव साझा कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: IND vs ENG: वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर टीम इंडिया के बैटिंग कोच का बड़ा बयान
ग्रामीण भारत में बड़ा बदलाव ला सकती है पहल
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह योजना सफल होती है, तो ग्रामीण भारत में एड्रेस सिस्टम, डिजिटल कनेक्टिविटी और सरकारी सेवाओं की पहुंच में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। यह पहल भविष्य में स्मार्ट विलेज मॉडल, ई-गवर्नेंस और डिजिटल इंडिया मिशन को भी मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।









