बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के परिवार को लेकर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बीती रात उनके बरेली स्थित पैतृक आवास पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। यह घर दिशा के पिता और रिटायर्ड सीओ विजिलेंस जगदीश पाटनी का है। इस वारदात के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
बाइक सवार बदमाशों ने की फायरिंग
मिली जानकारी के अनुसार, दो बाइक सवार हमलावर देर रात दिशा पाटनी के घर पहुंचे और दरवाजे व दीवारों पर चार से पांच राउंड गोलियां चलाईं। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जगदीश पाटनी ने एसएसपी बरेली अनुराग आर्य से मुलाकात की और शिकायत दर्ज कराई।
गोल्डी बराड़ के गैंग ने ली जिम्मेदारी
घटना के कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया पर एक सनसनीखेज पोस्ट वायरल हो गया, जिसमें गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के सहयोगी रोहित गोदारा ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में दिशा पाटनी को खुलेआम धमकी दी गई है कि अगर उन्होंने या अन्य कोई बॉलीवुड सितारा सनातन धर्म या संतों का अपमान किया, तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। पोस्ट में यह भी लिखा गया कि “ये तो सिर्फ ट्रेलर था।” हालांकि, यह पोस्ट बाद में डिलीट कर दी गई, लेकिन उसका स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो रहा है।
सुरक्षा बढ़ाई गई, जांच जारी
पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए दिशा पाटनी के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
राजनीतिक और फिल्मी गलियारों में हलचल
इस हमले के बाद फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों ने चिंता जताई है। सोशल मीडिया पर भी लोगों का गुस्सा देखने को मिल रहा है। कई लोग इस घटना को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बता रहे हैं।
यह भी पढ़ें: मुंबई एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट विमान का उड़ान भरते ही टूटा पहिया
दिशा पाटनी के परिवार को निशाना बनाए जाने की यह घटना सिर्फ एक फिल्मी सितारे से जुड़ी नहीं है, बल्कि यह समाज में बढ़ती कट्टरता और डर की मानसिकता को दर्शाती है। पुलिस पर अब इस मामले की निष्पक्ष और तेज़ जांच कर हमलावरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का दबाव है।









