IND vs PAK highlights, Asia Cup 2025 Final: ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद खेल के मैदान में भी भारत ने जीत दर्ज की है। रविवार को खेल के मैदान पर सबसे अजीब नज़ारों में से एक एशिया कप के फाइनल के बाद देखने को मिला, जब भारत ने खिताब जीतने के बावजूद बिना परंपरागत प्रतीकों के अपनी जीत का जश्न मनाया। न तो किसी खिलाड़ी ने पदक अपनी गर्दन में पहना और न ही कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपने हाथों में ट्रॉफी उठाई। सोच रहे होंगे क्यों?
दरअसल, भारत ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) प्रमुख मोहसिन नक़वी से एशिया कप की ट्रॉफी लेने से इंकार कर दिया। नकवी एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष भी हैं। कयास लगाए जा रहे थे कि दोनों देशों के बीच तनाव और नक़वी की दोहरी भूमिका पाकिस्तान सरकार के मंत्री और टूर्नामेंट के दौरान उनके भड़काऊ सोशल मीडिया पोस्ट के चलते भारत यह रुख अपनाएगा।
यह भी पढ़ें- भारतीय गेंदबाज अर्शदीप के एक इशारे से डरा पाक! फाइनल से पहले कर दी ये शिकायत
गौरतलब है कि एशिया कप भारत और पाकिस्तान के बीच अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमले और मई में हुई सीमा-पार झड़पों के बाद पहला क्रिकेट मुकाबला था।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पुष्टि की कि टीम ने ट्रॉफी न लेने का फैसला किया था और यह किसी दबाव में नहीं किया गया। उन्होंने आगे कहा कि इस फैसले की वजह से टीम को ट्रॉफी नहीं दी गई।
सूर्यकुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘हमने बतौर टीम यह फैसला किया कि हम मोहसिन नक़वी से ट्रॉफी नहीं लेंगे। किसी ने हमें ऐसा करने को मजबूर नहीं किया। लेकिन मुझे लगता है जो टीम टूर्नामेंट जीतती है, उसे ट्रॉफी मिलनी ही चाहिए।’
भारत ने अधिकारियों को बताया था कि वे ट्रॉफी को अमीरात क्रिकेट बोर्ड के वाइस-चेयरमैन खालिद अल ज़रूनी से लेना चाहते हैं, जो नक़वी के साथ मंच पर मौजूद थे। लेकिन नक़वी ने इसकी अनुमति नहीं दी।
सूर्यकुमार बोले: भारत को ट्रॉफी से वंचित किया गया
सूर्यकुमार ने इस घटना पर और प्रकाश डालते हुए कहा, ‘यह ऐसा वाकया है जो मैंने क्रिकेट खेलना और देखना शुरू करने के बाद कभी नहीं देखा, कि विजेता टीम को ट्रॉफी ही न दी जाए। और वह भी इतनी मेहनत से जीती हुई। आसान नहीं था, हमने दो दिनों में लगातार दो अच्छे मैच खेले। मुझे लगता है कि हम इसके हकदार थे। मैं और कुछ नहीं कह सकता।
अगर आप मुझसे ट्रॉफियों की बात करें, तो मेरे ड्रेसिंग रूम में 14 ट्रॉफियां हैं। असली ट्रॉफी तो मेरे साथी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ हैं। मैं पूरे एशिया कप सफर में उनका बड़ा प्रशंसक रहा हूं। मेरे लिए वही असली ट्रॉफियां और असली पल हैं जिन्हें मैं हमेशा अपने साथ लेकर जाऊंगा।’
जहां पाकिस्तान के खिलाड़ियों को उपविजेता पदक दिए गए और भारत के अभिषेक शर्मा व तिलक वर्मा को क्रमशः ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज़’ और ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का अवॉर्ड मिला, वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव ने रविवार को ट्रॉफी नहीं उठाई।
एक समय भारतीय टीम ने धमकी दी थी कि अगर नक़वी ट्रॉफी देने पर अड़े रहे तो वे औपचारिक विरोध दर्ज करेंगे। एशियन क्रिकेट काउंसिल का एक अधिकारी प्रस्तुति समारोह से पहले ही ट्रॉफी मैदान से हटाकर ले जाता हुआ दिखाई दिया।
यह पाकिस्तान पर भारत की लगातार तीसरी जीत थी। स्पिन तिकड़ी कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती ने पाकिस्तान को 113/1 से 146 पर ऑलआउट कर दिया। इसके बाद भारत ने लक्ष्य का पीछा 19.4 ओवर में पंच विकेट से कर लिया। तिलक वर्मा ने नाबाद 69 रन बनाकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।
भारत क्रिकेट का अपमान कर रहा है: पाक कप्तान
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने हाथ न मिलाने और ट्रॉफी न लेने पर भारत की आलोचना की। 14 सितंबर को खेले गए ग्रुप मैच में भी सूर्यकुमार यादव ने सलमान से हाथ मिलाने से इंकार कर दिया था, जिससे विवादों की शुरुआत हुई।
सलमान ने फाइनल के बाद कहा, ‘भारत ने हमारे साथ जो किया (हाथ न मिलाना, मोहसिन नक़वी से ट्रॉफी न लेना) – यह केवल हमारा ही नहीं बल्कि क्रिकेट का भी अपमान है। अगर बाकी टीमें भी ऐसा करने लगेंगी तो यह कहां जाकर रुकेगा? क्रिकेटर्स रोल मॉडल होते हैं, बच्चे उन्हें देखकर सीखते हैं। मैदान पर ऐसा व्यवहार देखकर बच्चे क्या सीखेंगे? इस टूर्नामेंट में जो भी हुआ, वह बहुत गलत था।’









