NDA Vice President Candidate cp radhakrishnan: उपराष्ट्रपति पद के लिए एनडीए के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन होंगे, जो वर्तमान में महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं और तमिलनाडु से भाजपा के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक माने जाते हैं। जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के कुछ हफ्तों बाद भाजपा ने यह ऐलान आज किया है।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार, 17 अगस्त शाम एनडीए सहयोगियों के साथ बैठक के बाद यह घोषणा करते हुए कहा, ‘उनके पास राजनीति का 40 साल का अनुभव है और उन्होंने कई भूमिकाएँ निभाई हैं,’
सीपी राधाकृष्णन झारखंड के राज्यपाल भी रह चुके हैं, पांडिचेरी का अतिरिक्त प्रभार संभाला, कोयंबटूर से दो बार सांसद रहे और तमिलनाडु भाजपा इकाई का नेतृत्व किया।
अगले साल होने वाले तमिलनाडु चुनाव से पहले उनका चयन, राज्य की जनता को एक संदेश माना जा रहा है, जहां भाजपा अब तक अपनी जगह बनाने के लिए संघर्षरत है। यह कदम द्रविड़ पार्टियों सत्ताधारी डीएमके और विपक्षी एआईएडीएमके के लिए भी एक गुगली साबित हो सकता है, जिन्होंने अब तक राज्य की राजनीति पर मज़बूत पकड़ बनाई हुई है।
राधाकृष्णन स्वभाव और शैली में जगदीप धनखड़ के बिल्कुल विपरीत माने जाते हैं, जिन्हें कई विवादों के चलते भाजपा के दबाव में पद छोड़ना पड़ा था।









