भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपना दल व निषाद पार्टी से गठबंधन करेगी। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि दोनों दलों से गठजोड़ करने पर सहमति बन गई है। नड्डा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में राजग अपने सहयोगियों, अपना दल (एस) और निषाद पार्टी के साथ मिलकर राज्य की 403 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ेगा। फिलहाल सीटों की घोषणा नहीं की गई है। इस पर मंथन चल रहा है।
घोषणा से पहले भाजपा मुख्यालय में राजग नेताओं की एक बैठक हुई, जिसमें गृह मंत्री अमित शाह, अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और दिनेश शर्मा तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और केंद्रीय मंत्री व उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी धमेंद्र प्रधान के अलावा अनुप्रिया पटेल और संजय निषाद भी मौजूद थे।
नड्डा ने अपना दल (एस) की नेता व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद की मौजूदगी में भाजपा मुख्यालय में कहा कि पिछले दो दिनों में दोनों दलों के साथ विस्तार से चर्चा हुई। उसके बाद सीटों के तालमेल पर फैसला हुआ। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार ने विकास में एक नई छलांग लगाई है और प्रदेश के विकास को तेज गति दी है।
यूपी चुनाव के लिए 30 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। भाजपा की स्टार प्रचारकों की लिस्ट में सबसे ऊपर पीएम नरेंद्र मोदी का नाम है। उसके बाद जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, अमित शाह और नितिन गडकरी का है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस लिस्ट में 8वें नंबर पर हैं। इस लिस्ट में स्मृति ईरानी और हेमा मालिनी भी शामिल हैं। स्मृति 11वें तो हेमा का नाम 18वें पायदान पर है। सूची में भाजपा सांसद वरुण गांधी व केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र का नाम शामिल नहीं है