भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे लॉर्ड्स टेस्ट मैच की शुरुआत रोमांचक अंदाज में हुई है। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन भारत के तेज गेंदबाज नीतीश कुमार रेड्डी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मेजबान टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। रेड्डी ने अपने पहले ही ओवर में दो अहम विकेट चटकाकर भारत को जबरदस्त शुरुआत दिलाई। लंच तक इंग्लैंड का स्कोर दो विकेट पर 83 रन है।
सचिन तेंदुलकर ने बजाया टेस्ट की शुरुआत का घंटा
इस ऐतिहासिक मुकाबले की शुरुआत भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने घंटा बजाकर की। मैदान पर जब मुकाबला शुरू हुआ तो भारत की ओर से पहला ओवर जसप्रीत बुमराह ने डाला, जिन्होंने लॉर्ड्स टेस्ट के जरिए टीम में वापसी की है। इंग्लैंड के लिए जैक क्रॉली और बेन डकेट ओपनिंग करने उतरे।
नीतीश रेड्डी ने एक ही ओवर में पलट दिया खेल
तेज गेंदबाज नीतीश कुमार रेड्डी ने अपने पहले ही ओवर में दो विकेट लेकर मुकाबले का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। उन्होंने पहले बेन डकेट को 23 रन पर आउट किया, फिर उसी ओवर में जैक क्रॉली को भी चलता कर दिया, जो 43 गेंदों में 18 रन बना सके। इस ओवर में दो मुश्किल कैच भी ड्रॉप हुए, लेकिन रेड्डी की धारदार गेंदबाज़ी ने दर्शकों का दिल जीत लिया।

जसप्रीत बुमराह की वापसी, प्रसिद्ध कृष्णा को बाहर किया गया
भारत ने इस मैच में एकमात्र बदलाव करते हुए प्रसिद्ध कृष्णा को बाहर किया और जसप्रीत बुमराह को टीम में शामिल किया। बुमराह की वापसी से गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिली है, जिसका असर शुरूआती ओवरों में देखने को मिला।
भारत की प्लेइंग इलेवन
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, करुण नायर, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, आकाशदीप, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन
जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रुक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर और शोएब बशीर।
यह भी पढ़ें: राजस्थान: इतिहास की किताब में अकबर ‘महान’ नहीं पढ़ाया जाएगा
लॉर्ड्स टेस्ट की पहली ही सुबह भारत ने इंग्लैंड को झटका देकर मुकाबले में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। नीतीश कुमार रेड्डी की गेंदबाजी ने सभी को प्रभावित किया है, और अगर वह इसी लय में बने रहे, तो भारत इस ऐतिहासिक मैदान पर शानदार प्रदर्शन कर सकता है।









