बिहार चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार, 26 सितंबर को एक बड़ी घोषणा करते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर दिया और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) पर तीखा हमला बोला। नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी ने ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत 75 लाख महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर किए।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह योजना राज्य की बहनों-बेटियों के सपनों को पंख देगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनाएगी। उन्होंने कहा, “जब कोई बहन या बेटी रोजगार या स्वरोजगार से जुड़ती है, तो उसका आत्मविश्वास बढ़ता है और समाज में उसका सम्मान भी।”
नीतीश सरकार की पहल की सराहना
पीएम मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार का यह कदम महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाला है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत लाखों महिलाओं को आर्थिक सहायता देकर उन्हें स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का मौका दिया जा रहा है।

आरजेडी शासन पर हमला, उज्ज्वला योजना का जिक्र
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में आरजेडी के शासन को लेकर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि “लालटेन के दौर में बिहार में अंधकार, असुरक्षा और भ्रष्टाचार का बोलबाला था। महिलाओं के लिए वह समय सबसे कठिन था।” उन्होंने कहा कि आरजेडी शासन में महिलाओं को सबसे ज्यादा अत्याचार झेलना पड़ा।
वहीं, उन्होंने केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे यह योजना महिलाओं को सुरक्षित और स्वस्थ जीवन देने में मददगार साबित हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान के तहत राज्यभर में स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं, जिनमें महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की जा रही है।
नारी शक्ति को बताया देश की प्रेरणा
प्रधानमंत्री ने नवरात्रि के अवसर पर नारी शक्ति को देश की प्रेरणा बताते हुए कहा, “इन पावन दिनों में मुझे बिहार की महिलाओं की खुशियों में शामिल होने का सौभाग्य मिला। यह मेरा सौभाग्य है कि मैं उनकी शक्ति को प्रणाम कर रहा हूं।”
यह भी पढ़ें: लद्दाख: भूख हड़ताल और हिंसा के बीच गृह मंत्रालय ने क्या कहा?
बिहार चुनाव के मद्देनज़र प्रधानमंत्री की यह घोषणा और बयान राजनीतिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। इससे एक ओर जहां महिलाओं में सरकार के प्रति विश्वास बढ़ेगा, वहीं आरजेडी को भी कटघरे में खड़ा करने की रणनीति स्पष्ट दिखाई दे रही है।









