ईरान में लगातार जारी विरोध प्रदर्शनों और अस्थिर हालात को देखते हुए भारत सरकार ने अपने नागरिकों के लिए एक नई एडवाइजरी जारी की है। विदेश मंत्रालय ने ईरान में रह रहे भारतीय छात्रों, श्रद्धालुओं, व्यापारियों और पर्यटकों से जल्द से जल्द देश छोड़ने की अपील की है। साथ ही, अगले आदेश तक तेहरान की यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। बीते दस दिनों में यह दूसरी बार है जब भारत सरकार ने ईरान को लेकर ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है।
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि ईरान में मौजूद भारतीय नागरिक अत्यधिक सतर्क रहें और किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन, रैलियों या भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूरी बनाए रखें। मंत्रालय ने यह भी निर्देश दिया है कि भारतीय नागरिक ईरान स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में बने रहें और स्थानीय मीडिया के माध्यम से ताजा हालात की जानकारी लेते रहें।
सरकार ने भारतीय नागरिकों को उपलब्ध कमर्शियल फ्लाइट्स या किसी भी सुरक्षित परिवहन माध्यम के जरिए ईरान से बाहर निकलने की सलाह दी है। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि जो भारतीय नागरिक अभी तक दूतावास में पंजीकृत नहीं हैं, वे तुरंत ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराएं।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारतीय नागरिक https://www.meaers.com/request/home लिंक पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं, जो दूतावास की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। अगर ईरान में इंटरनेट सेवाएं बाधित होने के कारण कोई नागरिक खुद पंजीकरण नहीं कर पा रहा है, तो भारत में मौजूद उनके परिजनों से यह प्रक्रिया पूरी करने का अनुरोध किया गया है।
यह एडवाइजरी ऐसे समय में जारी की गई है जब ईरान के कई प्रांतों में हिंसक विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय तनाव भी तेजी से बढ़ रहा है। अमेरिका की ओर से ईरान पर सैन्य कार्रवाई की चेतावनी ने हालात को और गंभीर बना दिया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 13 जनवरी को ईरान में प्रदर्शन कर रहे लोगों से आंदोलन जारी रखने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि प्रदर्शनकारियों को मदद मिलेगी, हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि इस मदद का स्वरूप क्या होगा। ट्रंप ने यह भी कहा कि जब तक प्रदर्शनकारियों की कथित हत्याएं बंद नहीं होतीं, तब तक उन्होंने ईरानी अधिकारियों के साथ सभी तरह की बैठकों को रद्द कर दिया है।
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में ई-गवर्नेंस से बदली पंचायतों की तस्वीर
बदलते हालात के बीच भारत सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सतर्क नजर आ रही है और लगातार स्थिति पर निगरानी रखे हुए है।









