ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज के बीच वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम को लेकर एक बेहद चौंकाने वाली और गंभीर खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम के एक मौजूदा क्रिकेटर पर कम से कम 11 महिलाओं ने बलात्कार और यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। इस सनसनीखेज मामले के सामने आने से क्रिकेट जगत में हड़कंप मच गया है। हालांकि, अभी तक उस खिलाड़ी का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है।
लोकल मीडिया में हुआ खुलासा
इस मामले की जानकारी सबसे पहले गुयाना के स्थानीय अखबार Kaieteur Sports ने दी, जिसने अपनी रिपोर्ट में दावा किया कि उन्हें 11 पीड़ित महिलाओं के बयान मिले हैं। इन महिलाओं ने एक वेस्टइंडीज क्रिकेटर पर यौन शोषण और रेप के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िताओं में एक नाबालिग लड़की भी शामिल है। रिपोर्ट की हेडलाइन थी: “Monster in Maroon”, जो कथित आरोपी की टीम और उसकी हरकतों की ओर इशारा करती है।
CWI की सफाई – “हमें जानकारी नहीं”
इस पूरे मामले पर सवाल उठने के बाद जब स्पोर्ट्स मैक्स चैनल ने क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) से संपर्क किया, तो बोर्ड के अध्यक्ष किशोर शैलो ने कहा, “फिलहाल हमें इस मामले में कोई जानकारी नहीं है, इसलिए हम इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।” इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा और जिज्ञासा दोनों बढ़ गए हैं।

क्या बोर्ड आरोपी को बचा रहा है?
मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी सवाल उठाया गया है कि अगर बोर्ड को जानकारी थी तो उसने कार्रवाई क्यों नहीं की? क्या आरोपी खिलाड़ी को बचाने की कोशिश की जा रही है? हालांकि, इस पर अब तक CWI की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं आया है।
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है वेस्टइंडीज टीम
गौरतलब है कि वेस्टइंडीज की टीम फिलहाल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। पहला टेस्ट बारबाडोस में हो रहा है। मैच के दूसरे दिन तक वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 10 रनों की मामूली बढ़त हासिल की, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में 4 विकेट पर 92 रन बना लिए हैं।
क्रिकेट की गरिमा पर लगा सवाल
यह मामला सिर्फ एक खिलाड़ी की छवि नहीं, बल्कि पूरे वेस्टइंडीज क्रिकेट और खेल जगत की गरिमा को प्रभावित करने वाला है। अगर आरोप सही साबित होते हैं तो यह ना सिर्फ एक बड़ा कानूनी मामला होगा, बल्कि बोर्ड की नैतिक जवाबदेही भी तय होगी।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड पंचायत चुनाव पर हाईकोर्ट की रोक हटी, सरकार को मिली बड़ी राहत
अब सभी की निगाहें CWI की अगली कार्रवाई और जांच एजेंसियों की रिपोर्ट पर टिकी हैं। क्या इस मामले में न्याय मिलेगा? और क्या आरोपी का नाम जल्द सामने आएगा? ये सवाल अब जनता के मन में गूंज रहे हैं।
यह भी पढ़ें: सीएम के काफिले की गाड़ियों में डीजल की जगह पानी भरा मिला









