भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ओपनर बल्लेबाज शिखर धवन भले ही मैदान से संन्यास ले चुके हों, लेकिन उनकी हाल ही में प्रकाशित आत्मकथा ‘The One: Cricket, My Life and More’ ने क्रिकेट जगत में एक नई हलचल पैदा कर दी है। इस किताब में धवन ने अपने करियर के उतार-चढ़ाव के साथ-साथ एक ऐसे निजी अनुभव को साझा किया है, जो अब तक केवल ड्रेसिंग रूम तक ही सीमित था।
विदेश में मिला प्यार, लेकिन रूममेट रोहित शर्मा को नहीं था पसंद
धवन ने किताब में 2006 के ऑस्ट्रेलिया दौरे का जिक्र करते हुए लिखा है कि वहां एक विदेशी लड़की से उनकी मुलाकात इमिग्रेशन लाइन में हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों ने एक-दूसरे का नंबर और ईमेल लिया और जल्द ही उनका रिश्ता गहराने लगा। बात इतनी बढ़ गई कि धवन उस लड़की को होटल रूम तक बुलाने लगे, जहां वे उस समय रोहित शर्मा के साथ कमरा शेयर कर रहे थे।
शिखर धवन ने बताया कि रोहित को यह बिल्कुल भी पसंद नहीं आता था। वह अक्सर नाराज़ होकर कहते थे, “क्या तू मुझे सोने देगा?” धवन ने स्वीकार किया कि उस समय वह उस लड़की को लेकर काफी गंभीर थे और यहां तक कि शादी के बारे में भी सोचने लगे थे।
होटल लॉबी में हाथ पकड़ घूमते पकड़े गए
एक दिन जब धवन अपनी गर्लफ्रेंड के साथ होटल की लॉबी में हाथ में हाथ डाले घूम रहे थे, तब एक वरिष्ठ चयनकर्ता ने उन्हें देख लिया। धवन ने लिखा कि उन्होंने लड़की का हाथ नहीं छोड़ा क्योंकि उन्हें नहीं लगा कि वे कुछ गलत कर रहे हैं। लेकिन यह खबर जल्दी ही टीम के बीच फैल गई और अफवाहों का दौर शुरू हो गया।

प्रेम कहानी का पड़ा करियर पर असर
शिखर धवन ने ईमानदारी से माना कि इस रिश्ते ने उनके खेल पर असर डाला। उन्होंने लिखा, “मैं उस दौरे पर अपने खेल पर ध्यान नहीं दे सका। अगर मैं अच्छा प्रदर्शन करता तो शायद मुझे जल्दी सीनियर टीम में मौका मिल जाता।” उन्होंने इस अनुभव को युवा खिलाड़ियों के लिए एक सीख के तौर पर पेश किया है।
यह भी पढ़ें: इस स्टार क्रिकेटर पर लगा 11 महिलाओं से दुष्कर्म का आरोप
किताब में कई और किस्सों का खुलासा
धवन की यह किताब केवल इस प्रेम प्रसंग तक सीमित नहीं है। इसमें उनके जीवन के कई अहम पड़ाव, संघर्ष, मानसिक दबाव और सफलता की कहानियां दर्ज हैं। यह किताब न केवल एक खिलाड़ी की यात्रा को दिखाती है, बल्कि एक इंसान के रूप में धवन की भावनात्मक और व्यक्तिगत यात्रा को भी उजागर करती है।









