Vadodara bridge collapses: गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार तड़के गंभीरा पुल का एक हिस्सा ढहने से दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य घायल हो गए। मरने वालों में दो सगे भाई-बहन भी शामिल हैं, अधिकारियों ने बताया कि अभी भी 3 लोग लापता हैं।
कैसे हुआ हादसा?
यह दुर्घटना तब हुई जब करीब 10 से 15 मीटर लंबा स्लैब अचानक ढह गया। यह 40 साल पुराना पुल था जो केंद्रीय गुजरात और सौराष्ट्र क्षेत्र को जोड़ने वाला अहम मार्ग माना जाता है। यह हादसा पडरा कस्बे के पास हुआ।
मौके के वीडियो में देखा गया कि पुल का एक बड़ा हिस्सा दो पिलर के बीच से पूरी तरह गिर गया, जिससे उस समय पुल पार कर रहे कई वाहन नीचे महिसागर नदी में गिर गए। चश्मदीदों ने बताया कि ट्रक, वैन और अन्य वाहन पानी में गिरते ही अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें- केजरीवाल ने की नोबेल प्राइज की मांग, बोले-‘इतनी मुश्किलों के बीच दिल्ली में काम किया’
बचाव कार्य और स्थिति
वडोदरा (ग्रामीण) पुलिस अधीक्षक रोशन आनंद ने बताया कि 9 लोगों को जिंदा बचा लिया गया, जिनमें से 5 का इलाज वडोदरा के SSG अस्पताल में चल रहा है।
आगे उन्होंने कहा, ‘करीब 2–3 वाहन अब भी नदी में डूबे हुए हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है,’ दमकल विभाग, स्थानीय स्वयंसेवकों और NDRF (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीमें बुधवार देर शाम तक बचाव अभियान में जुटी रहीं।
पुल की स्थिति और सरकार की प्रतिक्रिया
गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री रुशिकेश पटेल ने बताया कि यह पुल 1985 में बना था और इसका समय-समय पर रखरखाव किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि, ‘हादसे के पीछे के कारणों की जांच की जाएगी।’
वडोदरा कलेक्टर अनिल धमेलेया ने बताया कि कम से कम छह वाहन, जिनमें दो ट्रक, दो वैन, एक ऑटो रिक्शा और एक दोपहिया वाहन शामिल थे, नदी में गिर गए।
सौभाग्यवश, दो अन्य वाहन जो पुल के किनारे पर फंसे हुए थे, उन्हें राहत टीमों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके अलावा, एक दोपहिया वाहन पर यात्रा कर रहे तीन लोग नदी में गिरने के बाद तैरकर किनारे तक पहुंचने में सफल रहे।









