भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह इन दिनों एक वायरल वीडियो को लेकर विवादों में हैं। वीडियो में उन्हें एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान अपनी को-स्टार अंजलि राघव के साथ अशोभनीय हरकत करते हुए देखा गया, जिससे अभिनेत्री असहज नजर आईं। यह घटना उनके हालिया रिलीज गाने ‘सैंया सेवा करे’ के लॉन्च इवेंट की बताई जा रही है।
इस पूरे प्रकरण के बाद सोशल मीडिया पर पवन सिंह की जमकर आलोचना हो रही है, वहीं अंजलि राघव ने इंस्टाग्राम पर दो वीडियो जारी कर इस मामले में चुप्पी तोड़ दी है। उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि इस घटना ने उन्हें गहराई से झकझोर दिया है और उन्होंने फैसला किया है कि अब वे भोजपुरी इंडस्ट्री में आगे काम नहीं करेंगी।
क्या मुझे मजा आता अगर कोई ऐसे छूता?
अंजलि ने वीडियो में साफ कहा कि स्टेज पर जब वह दर्शकों से बात कर रही थीं, तब पवन सिंह ने बहाने से उन्हें टच किया, और वह उस समय सिर्फ माहौल को संभालने की कोशिश कर रही थीं। उन्होंने कहा, “लोग कह रहे हैं मैं हंस रही थी, मजे ले रही थी। लेकिन क्या कोई लड़की पब्लिक में ऐसे टच होने पर खुश हो सकती है?”
शूटिंग के दौरान सब कुछ सामान्य था
अंजलि ने बताया कि जब उन्हें इस गाने के लिए संपर्क किया गया, तो उन्होंने पहले ही साफ कर दिया था कि किसी तरह का अश्लील कॉस्ट्यूम, डबल मीनिंग डायलॉग या आपत्तिजनक सीन नहीं होगा। शूटिंग के दौरान सब कुछ सामान्य रहा, इसलिए उन्होंने लखनऊ इवेंट में भी भाग लेने का फैसला किया। लेकिन स्टेज पर हुई हरकत ने उन्हें झकझोर दिया।
View this post on Instagram
मेरी टीम ने बताया कि कुछ भी नहीं लगा था
पवन सिंह द्वारा कथित तौर पर यह कहने पर कि “आपकी ड्रेस में कुछ लगा है”, अंजलि ने सोचा कि शायद कोई टैग रह गया है, इसलिए उन्होंने हंसकर बात को टालने की कोशिश की। लेकिन बाद में जब उनकी टीम ने बताया कि वहां कुछ भी नहीं लगा था, तो उन्हें धोखा महसूस हुआ और गुस्सा भी आया।
मैं कुछ बोलती तो क्या कोई मेरा साथ देता?
अंजलि ने कहा कि इवेंट में मौजूद अधिकतर भीड़ पवन सिंह के फैंस की थी और वे उन्हें भगवान मान रहे थे। ऐसे में वह डर गईं कि अगर वे वहीं कुछ कह देतीं, तो शायद कोई उनका साथ नहीं देता। “मैंने सोचा था बैकस्टेज जाकर बात करूंगी, लेकिन पवन सिंह इवेंट के बीच से ही चले गए। फिर मेरा किसी से संपर्क नहीं हो सका।”

पीआर टीम से डराने का भी आरोप
अंजलि ने आरोप लगाया कि उन्हें कुछ लोगों ने फोन कर के चेतावनी दी कि पवन सिंह की पीआर टीम बहुत स्ट्रॉन्ग है, और अगर उन्होंने कुछ पोस्ट किया या बयान दिया तो उनके खिलाफ भी गलत खबरें फैलाई जा सकती हैं। डर के कारण उन्होंने शुरुआत में चुप रहना बेहतर समझा।
भोजपुरी इंडस्ट्री में अब नहीं करूंगी काम
अंजलि राघव ने कहा कि इस घटना से उन्हें गहरा धक्का लगा है और उन्होंने भोजपुरी इंडस्ट्री को अलविदा कहने का फैसला किया है। “मैं हरियाणा में अपने परिवार के साथ खुश हूं। अब मैं भोजपुरी में नहीं काम करूंगी। ये मेरे लिए एक सबक था।”
उन्होंने यह भी कहा कि अगर यही घटना हरियाणा में होती, तो जवाब देने की जरूरत नहीं पड़ती — वहां की जनता खुद जवाब दे देती।
अगर आप मेरी जगह होते, तो क्या करते?
अंत में अंजलि ने सोशल मीडिया पर अपने फॉलोअर्स से पूछा, “क्या मेरी गलती थी? अगर आप मेरी जगह होते तो क्या करते?”
यह भी पढ़ें: पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने क्यों किया आवेदन
कौन हैं अंजलि राघव?
अंजलि राघव हरियाणवी संगीत जगत की जानी-मानी डांसर, एक्ट्रेस और मॉडल हैं। ‘चंद्रवाल देखूंगी’, ‘गिरे ये आंसू’ जैसे गानों से उन्होंने बड़ी पहचान बनाई है। उनका यह भोजपुरी प्रोजेक्ट एक नया प्रयोग था, जो अब विवादों का कारण बन गया है।









