लोकप्रिय एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला के असमय निधन ने पूरे एंटरटेनमेंट जगत को हिला कर रख दिया है। अंधेरी स्थित उनके घर से उनकी डेड बॉडी मिलने के बाद से पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के लिए शव को कूपर हॉस्पिटल भेजा गया है, जबकि पुलिस ने उनके पति और एक्टर पराग त्यागी सहित चार लोगों के बयान दर्ज कर लिए हैं।
पति पराग त्यागी ने दिया बयान
मुंबई पुलिस ने पराग त्यागी का बयान उनके अंधेरी स्थित आवास पर ही दर्ज किया। पराग ने पुलिस को बताया कि शेफाली पिछले कुछ सालों से एंटी-एजिंग ट्रीटमेंट ले रही थीं और उनकी सेहत को लेकर कोई गंभीर चिंता नहीं थी। डॉक्टरों के अनुसार, वे विटामिन सी और ग्लूटाथायोन जैसी दवाइयां ले रही थीं, जो आमतौर पर स्किन फेयरनेस और यंग लुक्स के लिए दी जाती हैं। डॉक्टरों ने यह भी स्पष्ट किया कि इन दवाओं का दिल पर कोई नकारात्मक असर नहीं होता।
कार्डियक अरेस्ट की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
हालांकि शुरुआती रिपोर्ट्स में उनकी मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया जा रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही होगी। पुलिस ने कहा है कि फिलहाल किसी भी एंगल को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

वॉचमैन की आंखों देखी
बिल्डिंग के वॉचमैन शत्रुधन महतो ने मीडिया से बातचीत में बताया कि घटना की रात करीब 10 बजे पराग त्यागी की गाड़ी तेज रफ्तार में बिल्डिंग से निकली थी। गाड़ी के शीशे काले होने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो सका कि अंदर शेफाली थीं या नहीं। वॉचमैन ने शेफाली को आखिरी बार दो दिन पहले पति और पालतू कुत्ते के साथ टहलते हुए देखा था।
उन्होंने कहा, “शेफाली जी बहुत सौम्य स्वभाव की थीं। न कभी किसी से उलझती थीं और न ही किसी को रोकती-टोकती थीं। जब पुलिस ने रात 1 बजे आकर फोटो दिखाया और बताया कि उनका निधन हो गया है, तो मुझे यकीन ही नहीं हुआ।”
जांच में जुटी पुलिस
अब तक दो घरेलू सहायकों, एक सिक्योरिटी गार्ड और पति पराग त्यागी का बयान दर्ज हो चुका है। कुक को भी पूछताछ के लिए ले जाया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और किसी भी संभावना को दरकिनार नहीं कर रही।
शेफाली जरीवाला, जिन्हें ‘कांटा लगा’ गर्ल के नाम से भी जाना जाता है, अपनी फिटनेस और आकर्षक व्यक्तित्व के लिए जानी जाती थीं। उनका यूं अचानक जाना, एक अनसुलझे सवाल की तरह उनके चाहने वालों को दुख और हैरानी में डाल गया है।
यह भी पढ़ें: लुधियाना ड्रम मर्डर केस: अब लुधियाना में नीले ड्रम में मिली लाश
पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही उनकी मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। तब तक पुलिस की जांच और फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट्स पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।









