लुधियाना ड्रम मर्डर केस: पंजाब के लुधियाना के शेरपुर इलाके में एक नीले ड्रम से युवक की लाश बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। इस रहस्यमयी हत्या का अब पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो नाबालिगों को हिरासत में लेकर किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
ड्रम में मिला शव, इलाके में मचा हड़कंप
करीब 36 घंटे पहले शेरपुर के एक सुनसान प्लॉट में लावारिस हालत में पड़े नीले ड्रम से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ड्रम खोला, तो उसमें एक युवक की लाश मिली। मृतक की पहचान भारती कॉलोनी निवासी मनोज उर्फ राजू के रूप में की गई।
शराब के नशे में बिगड़ा मामला, मारपीट के बाद मौत
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि वारदात की रात आरोपी शराब के नशे में थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका मनोज से झगड़ा हो गया। आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया और बेसुध होकर गिर पड़ा। बाद में उसकी मौत हो गई। घबराए आरोपियों ने शव को कमरे में ही छुपा दिया।
अगले दिन शव को ड्रम में डालकर फेंका गया
हत्या के बाद आरोपी अगले दिन सुबह मौका देखकर शव को रस्सी से बांधकर नीले ड्रम में डालते हैं और ई-रिक्शा के जरिए उसे शेरपुर के एक खाली प्लॉट में फेंक आते हैं। शव मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी से सुराग, रिक्शा चालक से बड़ा खुलासा
पुलिस टीम ने इलाके में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें कुछ संदिग्ध लोग ई-रिक्शा से नीला ड्रम ले जाते दिखे। पुलिस ने रिक्शा चालक रोहित को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चार आरोपियों—फागू प्रसाद, ऊषा देवी, नीरज कुमार और सीटू कुमार—को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, जयवीर और विशाल नामक दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है।
अदालत में पेशी और पुलिस रिमांड मंजूर
चारों वयस्क आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब मामले के हर पहलू की जांच कर रही है, ताकि हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके। हालांकि फिलहाल झगड़े को कारण बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी एंगल को नजरअंदाज नहीं कर रही है।
यह भी पढ़ें: सोने की कीमतों में आई रिकॉर्ड स्तर की गिरावट
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा न जाए। मामले की जांच जारी है और जल्द ही पूरी तस्वीर सामने लाई जाएगी।









