First woman CEO of Hindustan Unilever: हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) ने अपने 92 साल के इतिहास में पहली बार एक महिला को कंपनी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त किया है। प्रिया नायर को यह ऐतिहासिक जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह 1 अगस्त 2025 से अपना कार्यभार संभालेंगी और रोहित जावा की जगह लेंगी, जो 31 जुलाई 2025 को पद छोड़ देंगे।
पहली महिला CEO, कंपनी के बोर्ड में होंगी शामिल
इस नियुक्ति के साथ, प्रिया नायर HUL की पहली महिला CEO और MD बनेंगी। वह कंपनी के बोर्ड में भी शामिल होंगी, और Unilever Leadership Executive (ULE) की सदस्य बनी रहेंगी। वर्तमान में वह Unilever की Beauty & Wellbeing यूनिट की प्रेसिडेंट हैं, जो कंपनी का सबसे तेजी से बढ़ता हुआ वैश्विक कारोबार है।
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बस से उतारकर 9 यात्रियों की गोली मारकर हत्या
यूनिलीवर में 30 वर्षों का अनुभव, जमीनी स्तर से शिखर तक
प्रिया नायर ने 1995 में HUL जॉइन किया था, और तब से उन्होंने होम केयर, ब्यूटी और पर्सनल केयर सहित कई क्षेत्रों में नेतृत्व की भूमिका निभाई है। शुरुआती वर्षों में वह कंज़्यूमर इनसाइट्स मैनेजर और ब्रांड मैनेजर रहीं, और Dove, Rin, Comfort जैसे उत्पादों की ब्रांड रणनीति संभाली।
उन्होंने लॉन्ड्री मार्केटिंग, ओरल केयर, डियोड्रेंट्स, और कस्टमर डिवेलपमेंट का नेतृत्व किया। वह HUL के वेस्टर्न रीजन की जनरल मैनेजर, फिर एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और CCVP बनीं।
2022 में उन्हें Unilever के ग्लोबल चीफ मार्केटिंग ऑफिसर के रूप में नियुक्त किया गया और 2023 में वे Beauty & Wellbeing डिवीजन की प्रेसिडेंट बनीं।
कहां से हुई प्रिया नायर की शिक्षा?
प्रिया नायर ने सायन कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स से बीकॉम (1987–1992) किया। इसके बाद उन्होंने सिम्बायोसिस इंस्टीट्यूट ऑफ बिज़नेस मैनेजमेंट, पुणे से MBA इन मार्केटिंग (1992–1994) किया। बाद में उन्होंने हार्वर्ड बिज़नेस स्कूल से बिज़नेस एडमिनिस्ट्रेशन एंड मैनेजमेंट का विशेष कोर्स भी किया।
HUL के चेयरमैन नितिन परांजपे ने कहा, ‘प्रिया का करियर HUL और Unilever में शानदार रहा है। मुझे पूरा विश्वास है कि भारतीय बाज़ार की उनकी गहरी समझ और उनका ट्रैक रिकॉर्ड HUL को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।’
रोहित जावा का योगदान
प्रिया नायर, रोहित जावा का स्थान लेंगी, जो 2023 से CEO और MD के रूप में कार्यरत थे। उनके कार्यकाल में कंपनी ने वॉल्यूम-आधारित विकास दिखाया और शहरी मांग में मंदी और डिस्क्रेशनरी श्रेणियों में धीमी रिकवरी जैसी चुनौतियों का सामना करते हुए मजबूत प्रदर्शन किया।
HUL ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि जावा व्यक्तिगत और पेशेवर कारणों से नए अवसर तलाशने के लिए पद छोड़ रहे हैं।









