महाराष्ट्र में तब एक बड़ा राजनीतिक विवाद हो गया जब शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के सांसद संजय राऊत ने शुक्रवार को शिंदे गुट के नेता और सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट का एक वीडियो साझा किया। जिसमें वे अपने घर पर नकदी से भरे बैग के साथ दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में मंत्री संजय शिरसाट अपने बेडरूम में सिगरेट पीते हुए नजर आते हैं, उनके पास एक खुले बैग में नकदी के बंडल रखे हुए दिखाई दे रहे हैं, साथ ही एक दूसरा सूटकेस भी पास में रखा हुआ है। वीडियो में एक पालतू कुत्ता भी नजर आता है।
यह भी पढ़ें- कौन हैं प्रिया नायर? जो बनीं हिंदुस्तान यूनिलीवर की पहली महिला CEO
संजय राऊत ने यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर साझा करते हुए हिंदी में लिखा, ‘इस रोमांचक वीडियो को माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को जरूर देखना चाहिए! देश में क्या चल रहा है! (महाराष्ट्र के एक मंत्री का यह वीडियो बहुत कुछ कहता है)।’
इस वीडियो के सामने आने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में हड़कंप मच गया है और प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस मामले पर संज्ञान लेने की मांग की जा रही है।
मामले पर जब संजय शिरसाट से संजय राऊत द्वारा लगाए गए आरोपों और वायरल वीडियो पर बात की, तो शिरसाट ने इसे एक साज़िश करार दिया और कहा कि उन्हें पैसों के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘मैं एक यात्रा से लौटकर आया था। मैंने अपने कपड़े उतारे और बेडरूम में बैठा था। मेरा पालतू कुत्ता भी मेरे साथ था। शायद उसी समय किसी ने वीडियो बना लिया हो। मुझे उन पैसों के बारे में कुछ नहीं पता। अगर मुझे इतना पैसा रखना होता, तो मैं उसे अलमारी में रखता। हमारे पास कोई ‘मातोश्री’ (उद्धव ठाकरे का निवास) नहीं है। किसी ने जरूर यह वीडियो शूट किया होगा। वे जानबूझकर एक कहानी बना रहे हैं,’









