बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब एयरफोर्स का एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट माइलस्टोन कॉलेज की इमारत से टकराकर क्रैश हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। फिलहाल घायलों की सटीक संख्या सामने नहीं आई है।
घटना दोपहर करीब 1.30 बजे की है। बताया जा रहा है कि यह एक F-7 ट्रेनिंग विमान था, जिसने हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। टेकऑफ के करीब 24 मिनट बाद यह विमान हादसे का शिकार हो गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए हादसे के वीडियो
हादसे के तुरंत बाद कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिनमें माइलस्टोन कॉलेज परिसर से उठता धुएं का गुबार साफ नजर आ रहा है। वीडियो में कॉलेज के छात्र-छात्राएं घबराकर कैंपस से भागते दिखाई दिए। मौके पर बांग्लादेशी सेना, एयरफोर्स के अधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
दुर्घटना में घायल लोगों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। एयरपोर्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल क्रैश की वजह का पता नहीं चल सका है और जांच जारी है।

चीन निर्मित F-7 ट्रेनिंग जेट
क्रैश हुआ विमान F-7 मॉडल का था, जिसे चीन की चेंगदू एयरक्राफ्ट कॉर्पोरेशन ने तैयार किया है। यह विमान मुख्य रूप से प्रशिक्षण और सीमित लड़ाकू अभियानों के लिए इस्तेमाल होता है। इसकी अधिकतम गति मैक 2.02 (करीब 2120 किमी/घंटा) है। कुछ संस्करणों में दो सीटों का भी विकल्प होता है, लेकिन यह विमान आमतौर पर सिंगल-सीटर होता है।
जांच के आदेश, कॉलेज में दहशत का माहौल
फिलहाल प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। कॉलेज प्रबंधन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कैंपस को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। इस हादसे ने ढाका के नागरिकों को झकझोर कर रख दिया है और सवाल खड़े हो रहे हैं कि रिहायशी इलाकों के करीब ट्रेनिंग फ्लाइट्स को कैसे संचालित किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: प्रेग्नेंट लीला साहू की आवाज बनी बदलाव की वजह, गांव की सड़क का काम शुरू









