महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल (SAD) के प्रमुख और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी सेहत की जानकारी ली है। सुखबीर बादल की पत्नी और सांसद हरसिमरत कौर बादल से पीएम मोदी ने फोन पर बातचीत की और उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा।
नांदेड़ के गुरुद्वारे में हुआ हमला
महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित गुरुद्वारा माता साहिब देवान जी मुगत में सुखबीर सिंह बादल पर हमला किया गया। पुलिस ने बताया कि उनके ऊपर एक निहंग ने कृपाण से गुरुद्वारे के अंदर हमला किया। घटना के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक नीलाभ रोहन ने घटना के बारे में जानकरी देते हुए कहा कि हमले में सुखबीर बादल घायल हुए हैं। घटना के बाद उन्हें अस्पताल उपचार के लिए ले जाया गया, उनके हाथ में तीन टांके लगाए गए।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने दिए जांच के आदेश
महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस ने भी घटना के बाद सुखबीर सिंह बादल से फोन पर बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना। साथ ही सीएम ने मामले की जांच के निर्देश भी दिए हैं।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी सुखबीर सिंह बादल की पत्नी सांसद हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने हमले की निंदा करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पीएम मोदी ने हरसिमरत कौर से की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हमले के बाद सुखबीर सिंह बादल की पत्नी हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बात कर उनके सेहत के बारे में जानकारी ली। पीएम मोदी का यह कदम राजनीतिक तौर पर काफी अहम माना जा रहा है। आने वाले महीनों में पंजाब में विधानसभा का चुनाव भी होने वाला है। कुछ दिन पहले ही पीएम ने संसद में सुखबीर सिंह बादल से मुलाकात की थी।
दोनों दलों के बीच बढ़ रही नजदीकी?
दोनों नेताओं के मुलाकात के बाद पंजाब की राजनीति में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। मुलाकात के बाद महिला आरक्षण विधेयक को समर्थन देने की घोषणा बादल ने की थी। साथ ही यह कयास भी लगाए जाने लगे कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल साथ में मिलकर लड़ सकते हैं।
यह भी पढ़ें: भरत तिवारी के परिवार के लिए CM सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान
आपको बताते चले कि बीजेपी और अकाली दल लंबे समय तक सहयोगी रहे थे। किसान आंदोलन कि वजह से सितंबर 2020 में दोनों दलों का गठबंधन टूट गया था। अब दोनों दलों के बीच एकबार फिर नजदीकियां बढ़ने लगी है।








