पार्टी के अनुसार, अनंत सिंह ने कई बार संगठन के निर्देशों का उल्लंघन किया। इसके अलावा, उन पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ अनुचित और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने तथा हाल ही में हुए विधान परिषद चुनाव में जेडीयू उम्मीदवार के विरोध में प्रचार करने का आरोप है।
अनंत सिंह पर जेडीयू ने क्यों की कार्रवाई?
जेडीयू के मुताबिक, अनंत सिंह ने पार्टी के एमएलसी उम्मीदवार नीरज सिंह के समर्थन में प्रचार करने के बजाय जनसुराज के प्रत्याशी के पक्ष में वोट मांगे और उन्हें जिताने की अपील की। पार्टी ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता और दल विरोधी गतिविधि माना है।
पिछले कुछ दिनों से अनंत सिंह के पार्टी नेतृत्व के खिलाफ बयान देने की भी चर्चा थी। इन घटनाओं के बाद जेडीयू ने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए छह साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया।
नीलम देवी की भी प्राथमिक सदस्यता समाप्त
जेडीयू ने अनंत सिंह की पत्नी और मोकामा की पूर्व विधायक नीलम देवी को भी छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। पार्टी ने दोनों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से कार्रवाई लागू करने का फैसला लिया है।
इस फैसले को पार्टी के भीतर अनुशासन बनाए रखने और नेतृत्व के निर्देशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
नीतीश कुमार ने नीरज सिंह से की थी मुलाकात
विधान परिषद चुनाव के बाद जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नीरज सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की थी। इस मुलाकात को पार्टी नेतृत्व की ओर से नीरज सिंह के प्रति समर्थन के संकेत के रूप में देखा गया था।
अब अनंत सिंह और नीलम देवी के निष्कासन से जेडीयू ने साफ कर दिया है कि पार्टी उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव प्रचार करने जैसे मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा।
अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता पर भी उठेगा सवाल
जेडीयू ने अपने आदेश में कहा है कि बिहार विधानसभा अध्यक्ष से भारतीय संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की अनुशंसा की जाएगी।
हालांकि, पार्टी की ओर से निष्कासन और विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की प्रक्रिया अलग-अलग हैं। सदस्यता को लेकर अंतिम निर्णय संबंधित संवैधानिक प्रक्रिया के तहत लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: European Chess Club Cup 2026: निहाल सरीन और कोनेरू हम्पी ने जीता गोल्ड
इस कार्रवाई के बाद बिहार की सियासत में जेडीयू के अंदरूनी अनुशासन और चुनावी गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज होने की संभावना है।









