अनंत सिंह के आधिकारिक एक्स हैंडल से 3 नवंबर को इस प्रतियोगिता की जानकारी साझा की गई। पोस्ट के मुताबिक, बेटी के विवाह के अवसर पर उनके पैतृक गांव नदवां (लदमा), बाढ़ में भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों से चर्चित और नामी घोड़ों के शामिल होने की उम्मीद है। प्रतियोगिता में घोड़े अपनी रफ्तार, कौशल और दमखम का प्रदर्शन करेंगे।
घुड़दौड़ प्रतियोगिता के विजेताओं को मिलेंगे ये पुरस्कार
आयोजकों की ओर से प्रतियोगिता के लिए तीन पुरस्कारों की घोषणा की गई है। प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल करने वाले घोड़े के मालिक को महिंद्रा थार दी जाएगी। दूसरे स्थान पर रहने वाले विजेता को मोटरसाइकिल और तीसरे स्थान पर आने वाले को स्कूटी पुरस्कार में मिलेगी।
घुड़दौड़ प्रतियोगिता का कार्यक्रम:
- तारीख: 25 नवंबर 2026
- समय: दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक
- स्थान: नदवां/लदमा, बाढ़, बिहार
- प्रथम पुरस्कार: महिंद्रा थार
- द्वितीय पुरस्कार: मोटरसाइकिल
- तृतीय पुरस्कार: स्कूटी
पहले भी दंगल जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन करा चुके हैं अनंत सिंह
बेटी की शादी के मौके पर घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन भले ही खास हो, लेकिन अनंत सिंह अपने पैतृक गांव में बड़े आयोजन कराते रहे हैं। इसी साल उन्होंने लदमा गांव में विवेका पहलवान की पहली पुण्यतिथि पर दंगल प्रतियोगिता आयोजित कराई थी। इसके लिए गांव में अखाड़ा तैयार किया गया था और कई देशों के पहलवानों को आमंत्रित किया गया था। इस आयोजन को देखने के लिए बिहार के अलावा दूसरे राज्यों से भी लोग पहुंचे थे।
25 नवंबर को होगी अनंत सिंह की बेटी की शादी
अनंत सिंह की बेटी की शादी 25 नवंबर को होनी है। इसे लेकर परिवार और समर्थकों की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। शादी में कौन-कौन से मेहमान, नेता और मंत्री शामिल होंगे, इसे लेकर भी निमंत्रण भेजे जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: SSC Exam Dates 2026: नवंबर में CGEPT, टाइपिंग टेस्ट और SI पेपर-2 की परीक्षा, पूरा शेड्यूल जारी
शादी के अवसर पर आयोजित होने वाली घुड़दौड़ प्रतियोगिता इस समारोह का खास आकर्षण रहने वाली है। अब सबकी नजरें इस बात पर रहेंगी कि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले घोड़ों में कौन सबसे तेज दौड़कर पहला स्थान हासिल करता है और महिंद्रा थार का विजेता बनता है।









