Baloch Liberation Army: अमेरिका ने सोमवार को औपचारिक रूप से बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) और मजीद ब्रिगेड, को विदेशी आतंकी संगठन (FTO) घोषित किया है। बात दें कि, मजीद ब्रिगेड को BLA की पहले से मौजूद स्पेशली डिज़िग्नेटेड ग्लोबल टेररिस्ट (SDGT) श्रेणी में एक उपनाम के रूप में भी जोड़ा गया है।
BLA कई वर्षों से अमेरिकी निगरानी में है। इसे पहली बार 2019 में SDGT घोषित किया गया था, जब इसका नाम कई आतंकी घटनाओं से जुड़ा पाया गया। तब से, इस संगठन ने कई हमलों, जिनमें आत्मघाती बम धमाके और मजीद ब्रिगेड द्वारा किए गए बड़े हमले शामिल हैं, की जिम्मेदारी ली है।
यह भी पढ़ें- ऑपरेशन सिंदूर से बिलबिलाया बिलावल भुट्टो, सिंधु जल संधि पर दी ये गीदड़ भभकी
कराची और ग्वादर के पास आत्मघाती हमले
अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, 2024 में कराची हवाई अड्डे और ग्वादर पोर्ट अथॉरिटी कॉम्प्लेक्स के पास हुए आत्मघाती हमलों की जिम्मेदारी BLA ने ली थी। मार्च 2025 में, इस संगठन ने क्वेटा से पेशावर जा रही जाफ़र एक्सप्रेस ट्रेन को हाईजैक करने की बात स्वीकार की थी। इस घटना में 31 नागरिकों और सुरक्षा कर्मियों की मौत हो गई थी। हमले के दौरान 300 से अधिक यात्रियों को बंधक बना लिया गया था।
बयान में ये भी कहा गया है कि, ‘ये हिंसक कार्रवाइयां लगातार नागरिकों की सुरक्षा के लिए खतरा बनी हुई हैं और क्षेत्र में अस्थिरता पैदा कर रही हैं। आज विदेश मंत्रालय की ओर से उठाया गया यह कदम ट्रंप प्रशासन की आतंकवाद से लड़ने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। आतंकी संगठन घोषित करना हमारी इस लड़ाई का अहम हिस्सा है और यह आतंकी गतिविधियों के लिए मिलने वाले समर्थन को खत्म करने का एक प्रभावी तरीका है।’
FTO घोषित किए जाने के बाद अमेरिकी सरकार को इस संगठन की संपत्ति फ्रीज़ करने, इसकी गतिविधियों को समर्थन देने को अपराध घोषित करने और इसके नेटवर्क को खत्म करने के लिए अन्य देशों के साथ सहयोग करने का अधिकार मिल जाता है।
BLA, जिसे अमेरिका और पाकिस्तान दोनों ने आतंकी संगठन घोषित किया है, पाकिस्तान सरकार के खिलाफ दशकों से बगावत कर रहा है और अपने खनिज-संपन्न प्रांत की आज़ादी की मांग कर रहा है।
इससे पहले, अमेरिका ने द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF), जो पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा का एक शाखा संगठन है, को भी विदेशी आतंकी संगठन के रूप में घोषित किया था। यह कदम जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए घातक आतंकी हमले के महीनों बाद उठाया गया था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे।









