अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के आवास पर हमले की खबर सामने आई है। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और यूएस सीक्रेट सर्विस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। हमले से जुड़ी एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें उपराष्ट्रपति के घर की खिड़कियां टूटी हुई दिखाई दे रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, घटना के बाद यूएस सीक्रेट सर्विस के एजेंट ओहायो के ईस्ट वालनट हिल्स इलाके में स्थित जेडी वेंस के आवास पर पहुंचे। यहां से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया। हालांकि, अधिकारियों ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि संदिग्ध के खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप दायर किए गए हैं या नहीं।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआती जांच में अधिकारियों का मानना है कि संदिग्ध ने उपराष्ट्रपति के घर में घुसपैठ नहीं की थी। यह भी बताया गया है कि घटना के समय जेडी वेंस अपने आवास पर मौजूद नहीं थे, जिससे किसी प्रकार की शारीरिक क्षति से वे सुरक्षित रहे।
यह भी पढ़ें: वेनेजुएला में सत्ता बदलाव के बाद भड़के मादुरो के बेटे, दी गद्दारों को बेनकाब करने की चेतावनी
फिलहाल, मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही इस मामले में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।









