वेनेजुएला में सत्ता परिवर्तन के बाद राजनीतिक माहौल लगातार तनावपूर्ण बना हुआ है। इसी बीच अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के बेटे निकोलस मादुरो गुएरा का एक बयान सामने आया है, जिसने देश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। सोशल मीडिया पर जारी एक ऑडियो संदेश में गुएरा ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने देश के साथ विश्वासघात किया है और आने वाले समय में ऐसे चेहरों को जनता के सामने लाया जाएगा।
अपने संदेश में मादुरो गुएरा ने कहा कि इतिहास यह तय करेगा कि असली गद्दार कौन थे। उन्होंने दावा किया कि सच्चाई को ज्यादा समय तक छिपाया नहीं जा सकता और समय के साथ सब कुछ उजागर होगा।
समर्थकों से एकजुट होने की अपील
गुएरा ने अपने समर्थकों से अपील की कि वे 4 और 5 जनवरी को सार्वजनिक आंदोलनों में हिस्सा लें और नेतृत्व के आसपास एकजुट होकर अपनी ताकत दिखाएं। उन्होंने कहा कि विरोधी उन्हें कमजोर देखना चाहते हैं, लेकिन ऐसा नहीं होगा। गुएरा के अनुसार, यह समय सम्मान और गरिमा के साथ खड़े रहने का है, भले ही हालात भावनात्मक रूप से कठिन क्यों न हों।
उन्होंने अपने बयान में यह भी कहा कि मौजूदा हालात से उन्हें पीड़ा और गुस्सा जरूर है, लेकिन उनके विरोधी अपने इरादों में सफल नहीं होंगे। उन्होंने अपने परिवार का हवाला देते हुए कहा कि वे आखिरी दम तक अपने पक्ष के लिए खड़े रहेंगे।
अमेरिका के गंभीर आरोप
निकोलस मादुरो गुएरा सत्तारूढ़ यूनाइटेड सोशलिस्ट पार्टी ऑफ वेनेजुएला (PSUV) के सदस्य हैं। अमेरिका की ओर से उन पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अमेरिकी संघीय अभियोजकों का दावा है कि गुएरा एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े हुए हैं और सरकारी संसाधनों, सैन्य तंत्र तथा राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर वेनेजुएला से अमेरिका तक मादक पदार्थों की तस्करी कराई गई।
इस बीच, पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को अमेरिका में हिरासत में लिया गया है। दोनों को 5 जनवरी 2026 को न्यूयॉर्क की एक संघीय अदालत में पेश किया जाना है। उन पर नार्को-टेररिज्म और ड्रग्स तस्करी से जुड़ी साजिश के गंभीर आरोप हैं।
डेल्सी रोड्रिग्ज बनीं अंतरिम राष्ट्रपति
मादुरो की गिरफ्तारी के बाद उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त किया गया है। उन्हें मादुरो का बेहद करीबी और भरोसेमंद सहयोगी माना जाता है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डेल्सी रोड्रिग्ज को अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में मान्यता देने की घोषणा की है।
यह भी पढ़ें: यूपी पुलिस भर्ती के लिए आयु सीमा में मिली तीन साल की छूट
हालांकि डेल्सी रोड्रिग्ज पर पहले से ही अमेरिका और यूरोपीय संघ के प्रतिबंध लागू हैं और वह मादुरो सरकार की प्रमुख चेहरों में से एक रही हैं। वेनेजुएला में सत्ता परिवर्तन के बाद अंतरराष्ट्रीय राजनीति और देश के भीतर हालात किस दिशा में जाएंगे, इस पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है।









