प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। मंगलवार को मुंबई में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल के आसपास से दो लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें एक युवक कथित तौर पर खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का अधिकारी बता रहा था। सुरक्षा जांच के दौरान उसके पास मौजूद पहचान पत्र को फर्जी पाया गया।
मामले में हिरासत में लिए गए युवक की पहचान 24 वर्षीय रोहन पारेख के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वह एक निजी बॉडीगार्ड के साथ था। बॉडीगार्ड के पास हथियार मिलने की बात भी सामने आई है। मामले की आगे की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है।
फर्जी PMO पहचान पत्र से सामने आया मामला
सूत्रों के मुताबिक, रोहन पारेख ने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय का अधिकारी बताया था। सुरक्षा कर्मियों ने जब उसकी पहचान और दस्तावेजों की जांच की तो कथित PMO ID कार्ड फर्जी पाया गया।
इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसे हिरासत में लिया और उसके साथ मौजूद दूसरे व्यक्ति से भी पूछताछ शुरू की। पूरे मामले में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दोनों कार्यक्रम स्थल तक किस उद्देश्य से पहुंचे थे।
बॉडीगार्ड के पास मिला हथियार
जांच के दौरान रोहन पारेख के साथ मौजूद एक बॉडीगार्ड के पास हथियार मिलने की जानकारी सामने आई है। सुरक्षा एजेंसियों ने दोनों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है। एजेंसी फर्जी पहचान पत्र, हिरासत में लिए गए लोगों की पृष्ठभूमि और कार्यक्रम स्थल तक उनकी पहुंच समेत विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
नीता अंबानी कल्चरल सेंटर में PM मोदी का कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार, 8 सितंबर 2026 को मुंबई में Global Fintech Fest (GFF) 2026 के सातवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम शाम करीब 5:45 बजे होने का कार्यक्रम है।
यह आयोजन मुंबई के नीता अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) में होना है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां आयोजन स्थल और आसपास के इलाकों में विशेष सतर्कता बरत रही हैं।
क्या है Global Fintech Fest 2026?
Global Fintech Fest वित्तीय तकनीक के क्षेत्र में एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन है। यह मंच नीति निर्माताओं, नियामकों, केंद्रीय बैंकों, वित्तीय संस्थानों, फिनटेक कंपनियों, टेक्नोलॉजी कंपनियों, निवेशकों और शिक्षाविदों सहित विभिन्न वैश्विक हितधारकों को एक साथ लाता है।
सम्मेलन में वित्तीय क्षेत्र में तेजी से हो रहे तकनीकी बदलावों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की जाती है।
Agentic AI और Quantum Technology पर भी चर्चा
GFF 2026 में डिजिटल पेमेंट और वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में भारत की भूमिका के साथ-साथ नई तकनीकों के इस्तेमाल पर भी फोकस रहेगा।
सम्मेलन में खास तौर पर Agentic AI, प्रोग्रामेबल फाइनेंशियल इंस्ट्रूमेंट्स और क्वांटम टेक्नोलॉजी जैसी उभरती तकनीकों पर चर्चा होने की उम्मीद है। इसके अलावा यह भी विचार-विमर्श किया जाएगा कि इन तकनीकों के जरिए नागरिकों, कारोबारों और अर्थव्यवस्थाओं के लिए सुरक्षित, समावेशी और व्यावहारिक वित्तीय समाधान कैसे विकसित किए जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में अनधिकृत 5वीं मंजिल वाली बिल्डिंग होंगी सील, CM रेखा गुप्ता का बड़ा आदेश
क्राइम ब्रांच खंगाल रही पूरे मामले की कड़ियां
फर्जी PMO पहचान पत्र और हथियार मिलने की सूचना के बाद सुरक्षा से जुड़े इस मामले की जांच महत्वपूर्ण हो गई है। मुंबई क्राइम ब्रांच अब यह पता लगाने में जुटी है कि हिरासत में लिए गए दोनों लोगों का कार्यक्रम से क्या संबंध था और उन्होंने कथित तौर पर फर्जी पहचान का इस्तेमाल क्यों किया।








